spot_img

Hisar: राष्ट्रपति मुर्मू कल हिसार में एचएयू के दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत

हिसार :(Hisar) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) कल (सोमवार) यहां हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एचपीयू और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि होंगी। कुलाधिपति एवं राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल अति विशिष्ट अतिथि और कृषिमंत्री जेपी दलाल विशिष्ट अतिथि होंगे।

एडीजीपी श्रीकांत जाधव सहित राष्ट्रपति भवन के अधिकारियों के दल ने निरीक्षण किया है। एचएयू में सुबह और शाम सैर के लिए आने वालों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। राष्ट्रपति करीब सवा एक बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचेगी। राज्यपाल, मुख्यमंत्री मनोहर लाल व अन्य उनकी अगवानी करेंगे। दीक्षांत समारोह के मंच पर चार कुर्सियां लगाई जाएंगी। कोरोना टेस्ट रिपोर्ट के बिना विद्यार्थियों की एंट्री नहीं होगी।

दीक्षांत समारोह में 865 स्नातकों को उपाधि प्रदान की जाएगी। एक अगस्त, 2021 से 30 सितंबर, 2022 के दौरान शिक्षा पूरी कर चुके विद्यार्थियों में से 290 को स्नातक, 447 को परास्नातक एवं 128 को डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 124 छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है।

हिसार में 15 साल और एचएयू में 21 साल बाद राष्ट्रपति का आगमन हो रहा है। हिसार में 19 अप्रैल, 2003 को एचएयू के दीक्षांत समारोह में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आए थे। उसके बाद 17 अक्टूबर 2008 को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल का हिसार आगमन हुआ था। हिसार पहुंचने वाली द्रौपदी मुर्मू तीसरी राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति अपराह्न करीब तीन बजकर 50 मिनट पर दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। वह चार बजकर 50 मिनट पर समारोह स्थल से रवाना होंगी।

Explore our articles