हरिद्वार:(Haridwar) लोकसभा चुनाव में हरिद्वार संसदीय क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत (Chief Minister Trivendra Singh Rawat) को भाजपा का उम्मीदवार घोषित किए जाने से संत समाज व अखाड़ों में हर्ष की लहर है।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री व श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक महंत हरी गिरी महाराज ने त्रिवेंद्र सिंह रावत की जीत की कामना करते हुए कहा कि रावत एक कुशल राजनीतिज्ञ, रणनीतिकार व प्रखर प्रशासक के रूप में अत्यंत प्रभावशाली सिद्ध हुए हैं। संत समाज तथा अखाड़े के प्रति उनकी निष्ठा व संवेदनशीलता उन्हें एक विशिष्ट आयाम प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 के महाकुंभ पर्व को कोरोना जैसी भयंकर महामारी के बावजूद जिस कुशलता से रावत ने आयोजन करवाया यह उनकी कार्यकुशलता तथा दक्ष प्रबंधन का जीता जागता उदाहरण है।
जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर हिमालय पीठाधीश्वर महंत वीरेंद्र आनंद गिरि महाराज ने कहा कि रावत के मुख्यमंत्री के काल में पूरे उत्तराखंड में समग्र विकास की धारा बही है। इसी धारा को निरंतर गतिमान करते हुए एक सांसद के रूप में भी वह नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय सचिव महंत महेश पुरी ने रावत की सफलता की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता के लिए अधिष्ठात्री देवी मां माया देवी तथा नगर के रक्षक कोतवाल आनंद भैरव की विशिष्ट पूजा अर्चना की जा रही है। जूनागढ़ के देशभर की समस्त सिद्ध पीठों व पौराणिक मंदिरों में भी विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे।


