हरिद्वार : कांवड़ मेला के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की अक्सर शिकायतें सामने आती रहती हैं। सबसे ज्यादा शिकायत दुग्ध उत्पादों को लेकर होती हैं। हर वर्ष खाद्य महकमा विशेष अभियान चला कर ऐसे लोगों पर कार्रवाई करता है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर खाद्य महकमे की टीम ने शांतिकुंज के निकट दो वाहनों को रोककर जब उनकी तलाशी ली तो उसमें 8 क्विंटल पनीर मिला। मौके पर ही टीम द्वारा इस पनीर की जांच की गई तो वह नकली निकला।
अधिकारियों के अनुसार यह पनीर सहारनपुर के देवबंद से हरिद्वार और ऋषिकेश में सप्लाई किया जा रहा था। आज ये मिलावटखोर पनीर की इस खेप को ऋषिकेश पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान खाद्य सुरक्षा की टीम ने इन्हें दबोच लिया।
डिप्टी कमिश्नर गढ़वाल मंडल आर एस रावत ने कहा कि मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।


