हरिद्वार : हर की पैड़ी ब्रह्म कुंड क्षेत्र से नगर कोतवाली पुलिस ने नकली किन्नर बने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह सभी, किन्नर बनकर महिलाओं के चेंजिंग रूम में ताक झांक करने के साथ यात्रियों को परेशान कर रहे थे। पांचों राजस्थान के बीकानेर के रहने वाले हैं।
इन नकली किन्नरों की हरकतें देखकर आक्रोशित यात्रियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस कप्तान के पीआरओ विपिन पाठक ने बताया कि सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पांचों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर इनका भेद खुल गया। पुलिस की गिरफ्त में आने पर यह पांचों व्यक्ति आपस में लड़ झगड़ कर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे, जिस पर शान्ति भंग होने की आशंका के कारण पांचों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में आकाश जाटव पुत्र पवन पुरी निवासी व्यास कॉलोनी बीकानेर राजस्थान, अश्वनी पुत्र डालचंद निवासी रामपुरा बस्ती थाना लालगढ़ बीकानेर राजस्थान, चंचल पुत्र पूनमचंद निवासी मेहराम कॉलोनी थाना दो नंबर जिला बीकानेर राजस्थान, प्रकाश पुत्र हंसराज निवासी सुभाषपुरा थाना दो नंबर जिला बीकानेर राजस्थान तथा मान सिंह पुत्र जय सिंह निवासी ग्राम महाजन मोहल्ला थाना दो नंबर जिला बीकानेर राजस्थान शामिल है।


