हरिद्वार : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने अभियान चलाकर औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में किराएदारों का सत्यापन किया। इस दौरान सत्यापन नहीं कराने वाले 42 मकान मालिकों का 10-10 हजार रुपये का चालान करते हुए 4.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अभियान चलाकर सत्यापन करने के निर्देश दिए हुए हैं। आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए भी सत्यापन के लिए कहा गया है। सिडकुल थानाध्यक्ष मनोहर भंडारी ने बताया कि ग्राम रावली महदूद, ब्रह्मपुरी, फ्रेंड्स कॉलोनी, सूर्यनगर कालोनी, रोशनाबाद, नवोदयनगर में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, कबाड़ियों एवं घरेलू नौकरों के सत्यापन के लिए सघन अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान सत्यापन न कराने पर एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये नकद जुर्माना वसूल किया गया। 42 मकान मालिकों के 10-10 हजार के कुल 4.20 लाख रुपये के कोर्ट चालान किए गए। इनकी रिपोर्ट न्यायालय को भेजी जा रही है।


