हरिद्वार : चार दिन पूर्व हरिद्वार में अपने परिवार से बिछड़ी 71 वर्षीय वृद्ध महिला को रविवार को हरिद्वार पुलिस ने उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उक्त वृद्ध महिला 25 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल से अपने पति के साथ तीर्थ यात्रा पर हरिद्वार आई थीं। पश्चिम बंगाल से वृद्धा को लेने हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
नगर कोतवाली प्रभारी भावना कैथोड ने बताया कि 25 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल से अपने पति व गांव के ग्रुप के साथ 71 वर्षीय वृद्ध महिला आरती सरकार पत्नी निमाई सरकार निवासी बिलेरधार पारा चक्राघुनपुर शान्तिपुर (पश्चिम बंगाल) हरिद्वार स्नान करने आयी थीं। वृद्धा हर की पैडी क्षेत्र में अपने पति व गांव के सदस्यों से बिछड़ गयी थीं। वृद्धा के परिजन उसी दिन ट्रेन से पश्चिम बंगाल चले गये थे। हर की पैड़ी पर अकेली घूम रही वृद्धा को स्थानीय व्यक्तियों ने कोतवाली पहुंचाया। पूछताछ करने पर उक्त महिला की भाषा समझ ना आने के कारण कोतवाली नगर पुलिस द्वारा भाषा ट्रांसलेटर की व्यवस्था करते हुए उनके पते की जानकारी कर पश्चिम बंगाल की पुलिस से संपर्क कर सूचना दी। महिला के परिजन रविवार को कोतवाली हरिद्वार आये व वृद्धा को अपने साथ ले गये। परिजनों ने हरिद्वार उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया।


