spot_img

Hamirpur : हमीरपुर जिले में नहीं रहेगी पानी की कमी, 390 करोड़ की 10 नई योजनाएं अनुमोदित

हमीरपुर : जिले में पीने की पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और आने वाले कई वर्षों की जरुरत को पूरा करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2023-24 की योजना में लगभग 390 करोड़ रुपये की 10 नई पेयजल योजनाओं के शेल्फों को अनुमोदित कर दिया गया है।

गुरुवार को उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में हुई जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) की बैठक में इन 10 योजनाओं काे अनुमोदित किया गया। इस मौके पर उपायुक्त ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिला में हर घर में नल लगाने का लगभग शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। कई क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के स्रोतों का सुदृढ़ीकरण भी किया जा चुका है, लेकिन कई क्षेत्रों में अभी भी जलस्रोतों के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसी के मद्देनजर जलशक्ति विभाग ने जलस्रोतों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 390 करोड़ रुपये की 10 योजनाओं के शेल्फ प्रस्तावित किए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिला के लिए विभिन्न सुदृढ़ीकरण योजनाएं अब ब्यास नदी या सतलुज नदी से प्रस्तावित की जा रही हैं। इससे जिलावासियों को 12 महीने पर्याप्त पेयजल मिलता रहेगा। उपायुक्त ने कहा कि जिला की विभिन्न खड्डों, नालों या अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों से चल रही पेयजल योजनाओं को भी चालू रखा जाएगा तथा इन जलस्रोतों का संरक्षण एवं संवद्र्धन सुनिश्चित किया जाएगा। उपायुक्त ने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिला कोई भी घर पेयजल कनेक्शन के बगैर नहीं रहना चाहिए। इसके लिए वे खाद्य आपूर्ति विभाग के राशन कार्डधारकों के डाटा का भी विश्लेषण करें तथा उसके आधार पर भी आवश्यक कदम उठाएं।

Explore our articles