हमीरपुर : एक व्यक्ति ने 6 लोगों के साथ मिलकर रविवार को अपने ही पुत्र को बंधक बनाकर एवं उसे अगवा कर लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटकर अधमरा कर दिया। उसे मुस्कुरा क्षेत्र के सुनसान इलाके में ले जाकर मरणासन्न अवस्था में फेंक दिया। घटना के बाद राहगीरों के सहयोग से घायल युवक को राठ कोतवाली लाया गया। इसके बाद घायल युवक ने अपने पिता सहित अन्य आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
राठ कस्बे के अतरौलिया इलाके के निवासी राहुल कुशवाहा ने राठ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पिता प्रमोद कुशवाहा सहित मोहल्ले के ही आधा दर्जन युवकों ने पुराने विवाद के चलते उसके साथ लोहे की रॉड से मारपीट की। उसे बंधक बनाते हुए लोडर गाड़ी में डालकर उसे मुस्करा क्षेत्र के जंगल में ले गए। मरणासन्न अवस्था में उसे फेंककर भाग गए।
पीड़ित ने बताया कि उसने मारपीट में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मारपीट करने वाले आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई कराई जा रही है।


