डीसी मनरेगा ने बीडीओ को दिये निर्देश
हमीरपुर : मनरेगा सेल में कम्प्यूटर आपरेटर पद पर रहते हुए आवास निर्माण के मजदूरों की मजदूरी अपने तथा अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर करने पर श्रम उपायुक्त ने मंगलवार को एफआईआर दर्ज कराने के आदेश खंड विकास अधिकारी को दिए हैं। बुधवार को बीडीओ आपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे।
सुमेरपुर ब्लाक के बिरखेरा गांव निवासी राजेश कुमार ने शिकायत की थी कि मनरेगा सेल के कम्प्यूटर आपरेटर दीपक वर्मा ने ग्राम पंचायत बिरखेरा, मौहर, देवगांव, बांकी, बरदहा सहजना में आवास निर्माण में लगाए गए मजदूरों की मजदूरी खाता बदलकर अपने तथा अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर ली है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कम्प्यूटर आपरेटर ने करीब 4.50 लाख की मजदूरी हड़प ली है। जांच के बाद मामला सही पाए जाने पर श्रम उपायुक्त मनरेगा मनोज कुमार राय ने खंड विकास अधिकारी अजीत कुमार श्रीवास्तव को कम्प्यूटर आपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
बीडीओ ने बताया कि आदेश प्राप्त हो गया है। बुधवार को आपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बता दें कि कम्प्यूटर आपरेटर मौदहा ब्लाक में भी आवास निर्माण में घोटाला के आरोप में फंस गया था। बाद में अदालत के आदेश पर बहाली हुई थी। अब सुमेरपुर ब्लाक मे भी अनियमितताओं पर इनके खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।


