spot_img

Hamirpur : हमीरपुर की सदर सीट पर हैट्रिक लगाने के लिए भाजपा की तैयारी

हमीरपुर: (Hamirpur) हमीरपुर की नगर पालिका परिषद की सीट पर इस बार हैट्रिक लगाए जाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोक दी है। जातीय समीकरण बनाने और रूठे मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा ने माॅस्टर प्लान बनाया है। केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को लाए जाने की भाजपा ने तैयारी की है।

हमीरपुर जिले में अबकी बार नगर पालिका परिषद की सदर सीट अनारक्षित है वहीं मौदहा और राठ नगर पालिका परिषद की सीटें भी अनारक्षित है। इसके अलावा नगर पंचायत की चार सीटों में सुमेरपुर की सीट सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। पिछले चुनाव में सदर सीट भाजपा के कब्जे में रही जबकि मौदहा नगर पालिका की कुर्सी में सपा ने कब्जा किया था।

राठ नगर पालिका की सीट से निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए थे। इसके अलावा नगर पंचायत की चार सीटों में सुमेरपुर सीट कांग्रेस का खाते में आई थी, वहीं कुरारा नगर पंचायत सपा और गोहांड की सीट बसपा ने कब्जा किया था। जिले की सरीला नगर पंचायत की सीट पर भाजपा का कमल खिला था। इस बार नगर पालिका की तीनों सीटों के साथ नगर पंचायत की सभी सीटों पर कमल खिलाने के लिए भाजपा के नेता जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। लेकिन जातीय समीकरणों की अंकगणित निर्दलीय उम्मीदवार बिगाड़ने में जुटे हैं।

सदर सीट पर चार बार भाजपा खिला चुकी है कमल

नगर पालिका परिषद की सदर सीट पर भाजपा चार बार कमल खिला चुकी है। वर्ष 1995 के चुनाव में अशोका पालीवाल ने पहली बार सदर सीट पर कमल खिलाया था। 2000 में भाजपा के कैलाश गुप्ता ने रिकार्ड वोटों से भाजपा का कमल खिलाया था, जबकि वर्ष 2012 में भाजपा नेता कुलदीप निषाद की मां विटोल निषाद ने जातीय अंकगणित में चेयरमैन बनी थी। वर्ष 2017 में भाजपा नेता कुलदीप निषाद ने बंफर मतों से भाजपा का कमल खिलाया था। अब इस बार भी कुलदीप निषाद भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार हैं, जो सदर सीट पर हैट्रिक लगाने के लिए दिन रात पसीना बहा रहे हैं।

भाजपा ने सीट पर हैट्रिक लगाने को झोकी ताकत

भाजपा ने सदर सीट के साथ अन्य सीटें जीतने के लिए अब पूरी ताकत झोकी है। चुनाव मैदान में यहां भाजपा के तमाम नेता और कार्यकर्ता जातीय समीकरण बनाने में जुटे हैं, जबकि चुनाव मैदान में जातीय वोटों को एकजुट करने के लिए पार्टी बड़े नेताओं को लाने के लिए तैयारी कर रही है।

भाजपा नेता कुलदीप निषाद ने बताया कि जल्द ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति यहां आकर चुनाव क्षेत्र का दौरा करेगी। बताया कि पार्टी के परम्परागत मतों के साथ जातीय समीकरण भाजपा के पक्ष में है, जिसे लेकर सपा, बसपा समेत अन्य उम्मीदवार परेशानी में है।

Explore our articles