ग्वालियर : शहर में सूरज की तपन बढऩे से गर्मी लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पर चला गया। शाम को थाटीपुर सहित उप नगर मुरार में चुनिंदा क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो गई लेकिन गर्मी में कोई कमी नहीं आई। शाम साढ़े पांच बजे भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है जबकि गुरुवार को ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
ग्वालियर में इस बार 23 मई को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद पहली बार मंगलवार को तेज गर्मी महसूस हुई। आज सुबह से ही सूरज का रौद्र रूप देखने को मिला। इसके चलते पूर्वान्ह 11 बजे ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका था। दोपहर में तेज धूप और भीषण उमस के चलते पंखा-कूलर से लेकर एसी तक गर्म हवा उगलते नजर आए। शाम लगभग पौने पांच बजे अचानक बादल घुमड़े और थाटीपुर सहित मुरार क्षेत्र में बूंदाबांदी हो गई।
स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि बुधवार 14 जून को भी मौसम गर्म रहेगा और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है जबकि गुरुवार 15 जून को तापमान में गिरावट आ सकती है क्योंकि इस दिन हिमालय में एक पश्चिमी विक्षोभ आएगा। जिसके प्रभाव से ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधितम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 44 और शाम को 32 प्रतिशत दर्ज की गई।


