आकर्षक लाइटिंग और फूल बंगलों से सजे शहर के शिव मंदिर, स्टॉलों से होगा प्रसाद वितरण
ग्वालियर : महाशिवरात्रि का महापर्व शुक्रवार को श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि पर गुरुवार और शुक्रवार की रात 12 बजे से शहर के शिव मंदिरों पर भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। भक्त भगवान भोलेनाथ का दर्शन कर उनका दूध, जल, दही, शहर और शक्कर से अभिषेक करेंगे। मंदिर प्रबंधन द्वारा मंदिर को आकर्षक लाइटिंग और फूल बंगालो से सजाया गया है। वहीं प्रसाद वितरण के लिए मंदिरों के बाहर काउंटरों की व्यवस्था की गई है।
महाशिवरात्रि पर्व के लिए नगर के प्रमुख श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर, गुप्तेश्वर, कोटेश्वर, मार्कंडेश्वर, भूतेश्वर, हजारेश्वर सहित अन्य शिव मंदिर भगवान भोलेनाथ के विवाह के लिए दुल्हन की तरह सजे हुए हैं। इन मंदिरों पर 56 भोग के साथ फूल बंगले भी सजाए गए हैं। मंदिर के बाहर लगे स्टॉलों पर क्विंटलों आलू, संतरा, अंगूर और केले रखे हुए हैं जिनका वितरण शुक्रवार की सुबह से किया जाएगा। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर भक्तों के लिए जलपात्र की व्यवस्था की गई है। मंदिर के बाहर एलईडी भी लगाई गई हैं जिससे भक्त बाहर से भी दर्शन कर सकते हैं। कोटेश्वर मंदिर पर दर्शनों के लिए महिला और पुरुषों की अलग कतारें लगाकर अलग-अलग द्वार से प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर के गर्भगृह में एक बार में पुरुष तो एक बार में महिलाओं को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से भगवान की बारात निकाली जाएगी जो विभिन्न मार्गों से होती हुई दोपहर के समय श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी।


