ग्वालियर : गर्मी अब चरम पर पहुंचती दिख रही है। बीते शुक्रवार को दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पास चला गया था। हालांकि शनिवार को यह 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ठहर गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फिलहाल दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही टिका रहेगा।
पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क है। जिससे धूप काफी तेज निकल रही है। साथ ही राजस्थान की ओर से यानी उत्तर पश्चिम से शुष्क व गर्म हवाएं भी आ रही हैं। हवाओं में नमी भी काफी कम हो गई है। इसी कारण गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय मौजूद है लेकिन इन मौसम प्रणालियों का प्रभाव ग्वालियर-चंबल संभाग में नहीं है इसलिए यहां तापमान में गिरावट और गर्मी में कमी आने की संभावना नहीं है। फिलहाल यहां दिन के साथ-साथ रात भी गर्म रहने की संभावना है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शनिवार को अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 34 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 04 प्रतिशत कम है जबकि शाम को हवा में नमी 20 प्रतिशत दर्ज की गई। यह भी औसत से 04 प्रतिशत कम है।


