spot_img

Gumla : यात्री बस के चपेट में आने से दो चचेरे भाई की मौत

गुमला : (Gumla) जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के बेंदोरा अनुमंडल कार्यालय के पास मूनलाइट यात्री बस और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब दोनों भाई मोटरसाइकिल से परीक्षा लिखने के लिए गुमला जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार लुपुंगपाठ नावाटोली गांव निवासी अमित असुर (25)और अविनाश असुर पिता सिलबीरय(26)सुबह घर से परीक्षा लिखने के लिए मोटरसाइकिल से गुमला जा रहे थे। तभी चैनपुर के बेंदोरा स्थित अनुमंडल कार्यालय के पास विपरीत दिशा से आ रही मूनलाइट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में अमित असुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अविनाश असुर बुरी तरह से घायल हो गया। अविनाश असुर को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित असुर का सर बुरी तरह से फट गया। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अमित असुर के बैग में रखे आधार कार्ड व एडमिट कार्ड से दोनों के पहचान हो सकी। इसके बाद थाना प्रभारी कुंदन चौधरी ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। घटना की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मूनलाइट यात्री बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना ले आई है। घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। एक ही परिवार से दो चचेरे भाइयों की मौत पर परिजनों सहित पूरे गांव में मातम का माहौल है।

Explore our articles