गुड़ाप : हुगली जिले के धनियाखाली के नवनियुक्त भाजपा मंडल अध्यक्ष का शव शनिवार को कल्याणी के होटल से बरामद किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृत भाजपा नेता का नाम सुदीप घोष था। कुछ दिन पहले उन्हें हुगली सांगठनिक जिला भाजपा द्वारा धनियाखाली ब्लॉक के मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, दो दिन पहले ही उन्होंने कल्याणी के एक निजी होटल में कमरा किराए पर लिया था। इसी बीच शनिवार को होटल से उनका लटकता हुआ शव बरामद किया गया। यह आत्महत्या है या हत्या इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कल्याणी थाने की पुलिस ने भाजपा नेता के मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता सुफलचंद्र घोष ने कहा, ”सुदीप गुरुवार को यह कहकर घर से निकला था कि वह पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा है। इसी बीच आज कल्याणी थाने से मौत की खबर घर पर दी गयी।”
उन्होंने बताया कि भाजपा से जुड़ा होने के कारण उनके बेटे को पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। लेकिन उनके बेटे ने धमकी की कभी परवाह नहीं की थी।


