एडीजी जोन अखिल कुमार ने की ब्रह्मास्त्र अभियान की शुरुआत
ब्रह्मास्त्र अभियान का मुख्य हथियार बनेगा आधुनिक तकनीकी
गोरखपुर : ऑपरेशन त्रिनेत्र की सफलता के बाद अब एडीजी जोन अखिल कुमार ने अपराधियों पर निगाह रखने के लिए ब्रह्मास्त्र अभियान की शुरुआत की है। शुक्रवार को शुरू हुए ब्रह्मास्त्र अभियान में आधुनिक युग के नवीन टेक्नॉलोजी का उपयोग किया जाएगा और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
एडीजी जोन अखिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार से गोरखपुर पुलिस ने ब्रह्मास्त्र अभियान चालू किया है। आधुनिक टेक्नोलॉजी का बेहतर प्रयोग किया जाएगा। इस आधुनिक ब्रह्मास्त्र टेक्नोलॉजी के जरिए यहाँ की पुलिस अपराधियों पर तीखी निगाह रखेगी। उन्होंने बताया कि उससे संबंधित एप भी है।
पहले चरण में चिन्हित होंगे 50 अपराधी
एडीजी जोन ने बताया कि शुरुआती दौर में हम यह एक प्रयोग कर रहे हैं। 50 ऐसे अपराधियों को चिन्हित करेंगे जो पहले अपराध की दुनिया में रह चुके हैं। उन्हें अपना गूगल लोकेशन पुलिए के साथ लगातार शेयर करना पड़ेगा। अगर वह शेयर करते हैं तो हम 24×7 मॉनिटरिंग करेंगे। समय-समय पर कॉल करके उनकी वेरिफिकेशन भी करेंगे। वीडियो कॉल भी करेंगे। यह एक प्रयोग है। यदि सहमति देने वाले पूर्व अपराधी इस नये प्रयोग का हिस्सा बनते हैं तो उन्हें भी यह सुकून होगा कि कोई उनकी फर्जी नामजदगी नहीं करा पाएगा।
पुलिस को भागदौड़ से मिलेगी निजात
एडीजी जोन अखिल कुमार ने बताया कि पुलिस को किसी अपराधी की हिस्ट्रीशीट खोलने के लिए घरों तक जाना पडता है। काफी भागदौड़ करनी पड़ती है। ऐसे में उनकी कार्य क्षमता कम हो जाती है। इन सबसे भी पुलिस को मुक्ति मिलेगी। टेक्नोलॉजी के जरिए ही हम निगरानी कर सकेंगे।
बरहाल, एडीजी जोन अखिल कुमार का ऑपरेशन त्रिनेत्र सफल होने के बाद अब योगी सरकार ने प्रदेश भर में लागू कर दिया है। ब्रह्मास्त्र अभियान सफल रहा तो उम्मीद है कि इसे भी पूरे प्रदेश में लागू कर दिया जाएगा।


