योगाभ्यास व रंगारंग कार्यक्रम के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का आगाज़
गाजियाबाद:(Ghaziabad) 21 जून तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का आगाज़ गुरुवार को योगाभ्यास व रंगारंग कार्यक्रम के साथ हो गया। इस अवसर पर महापौर सुनीता दयाल मुख्य अतिथि थी। उन्होंने कहा कि योग के प्रति आम जनमानस की भावना निष्ठा एवं विश्वास को प्रदर्शित करता है ,योग केवल एक दिन के लिए नहीं अपितु प्रतिदिन निरोग रहने के लिए हम सबके लिए आवश्यक है।
महापौर ने प्रधानमंत्री मोदी को विश्व पटल पर भारत को योग गुरु के रूप में सम्मान दिलाने के लिए श्रेय दिया और राष्ट्रीय स्तर पर गुरु रामदेव को योग को लोकप्रिय बनाने के लिए स्मरण किया। उन्होंने योग को नित्य जीवन में अपनाने की अपील की, स्वस्थ शरीर को सफल जीवन की सफलता की प्रथम सीढ़ी माना।
नगर आयुक्त नितिन गौड़ ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है इसलिए हम सबकी पहली जिम्मेदारी “स्वस्थ शरीर- निरोगी काया” के प्रति होनी चाहिए, स्वस्थ व्यक्ति समाज के विकास में भी ऊर्जावान होकर कार्य कर सकता है इसलिए योगसाधना के लिए निरंतर अभ्यास आवश्यक है । हमें इसे दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।
इससे पहले कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज, मोहन नगर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर सुनीता दयाल, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।
उद्घाटन समारोह को उत्सव का रूप प्रदान करते हुए उत्तर प्रदेश योग एसोसिएशन के छात्र छात्राओं ने योग नृत्य के माध्यम से वंदे मातरम की प्रस्तुति दी। जिसकी योग साधकों ने भरपूर सराहना मिली।
योगाचार्य डॉ यश पाराशर द्वारा योग प्रोटोकॉल कराया गया। लगभग एक घंटे तक चले इस योग सत्र में 800 से अधिक छात्र-छात्राओं युवाओं अधिकारियों और शहर के जिम्मेदार नागरिकों में योग करते हुए लाभ उठाया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में योग नृत्य प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं योग गुरु को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर चीफ वार्डन ललित जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
अपर जिलाधिकारी राजस्व श विवेक श्रीवास्तव अपर जिलाधिकारी प्रशासन बिपिन कुमार,अपर नगर आयुक्त अरूण यादव , बलदेव राज शर्मा दर्जा प्राप्त मंत्री, सीएम ओ डॉक्टर भवतोष शंखधर, एस डी एम निखिल, डॉक्टर अशोक राणा प्रमुख रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


