spot_img
HomeGandhinagarGandhinagar : मुख्यमंत्री 26 दिसंबर को धोरडो में करेंगे 'लाइट एंड साउंड...

Gandhinagar : मुख्यमंत्री 26 दिसंबर को धोरडो में करेंगे ‘लाइट एंड साउंड शो’ का उद्घाटन

  • कच्छ के रणोत्सव में आने वाले पर्यटकों के लिए अब एक नया आकर्षण
  • कच्छडो खेले खलकमें थीम पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

गांधीनगर : देश और दुनिया में एक प्रतिष्ठित पर्यटन स्थल के रूप में ख्याति अर्जित कर चुके कच्छ के सफेद रण यानी सफेद रेगिस्तान में बसे धोरडो गांव में अब सैलानियों को लुभाने के लिए एक नया आकर्षण शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल 26 दिसंबर को सफेद रण के वॉच टॉवर पर एक स्थाई लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन करेंगे। इस लाइट एंड साउंड शो के जरिए सफेद रण की पृष्ठभूमि में एक अद्भुत और नयनाभिराम नजारा प्रस्तुत होगा और विलेज थीम पर सुशोभन द्वारा पर्यटकों को कच्छ के भव्य इतिहास एवं संस्कृति से परिचित कराएगा।

मुख्यमंत्री 26 दिसंबर की शाम 6.30 बजे लाइट एंड साउंड शो का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अलावा पर्यटन मंत्री मूळुभाई बेरा भी मौजूद रहेंगे। यहां संबोधन के बाद मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री शाम को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही, कच्छडो खेले खलकम की थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, दैनिक सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ थीम पवेलियन, क्राफ्ट स्टॉल, खाद्य और पेय बाजार, क्रिएटिव फूड ज़ोन और एडवेंटर एक्टिविटीज़ की भी योजना बनाई गई है।

रणोत्सव से कच्छ की अर्थव्यवस्था को मिली रफ्तार

राज्य सरकार गुजरात के पर्यटन को गति देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कें और पर्यटन आकर्षणों सहित अन्य सुविधाएं विकसित कर रही है। तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं मौजूदा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता से कच्छ के धोरडो में शुरू हुआ रणोत्सव अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक जाना-माना पर्यटन आकर्षण बन गया है। इससे कच्छ की अर्थव्यवस्था को एक नई ऊर्जा मिली है। वर्ष 2022-23 में करीब 3.5 लाख पर्यटक सफेद रण घूमने के लिए आए थे। वहीं, इस वर्ष अब तक करीब पौने दो लाख सैलानी धोरडो की प्राकृतिक छटा को देखने के लिए पहुंच चुके हैं।

सफेद रण के पर्यटन से हुई स्थानीय रोजगार में वृद्धि

वर्तमान में, पर्यटक कच्छ में धोलावीरा, स्मृति वन, क्षेत्रीय विज्ञान केंद्र और भुज के ऐतिहासिक स्थलों को देखने के लिए आ सकते हैं। सफेद रण में पर्यटन विकास से स्थानीय लोगों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हुए हैं। कच्छी कढ़ाई और हस्तकला के नमूने भी देश और दुनिया के लोगों के बीच प्रसिद्ध हैं। रणोत्सव के माध्यम से कच्छी हैंडीक्राफ्ट्स के कलाकारों को अपनी कलाकृतियों की बिक्री के लिए एक वैश्विक बाजार सुलभ होता है।

धोरडो को मिला ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज’ का दर्जा

हाल ही में कच्छ जिले के धोरडो को दुनिया के श्रेष्ठ पर्यटन गांवों की सूची में शामिल किया गया है। 19 अक्टूबर को उज्बेकिस्तान के समरकंद शहर में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) की ओर से आयोजित ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज 2023’ अवॉर्ड समारोह में भारत से एकमात्र धोरडो को ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज’ का अवॉर्ड दिया गया है। कच्छ के सफेद रण का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले धोरडो को ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज’ का अवॉर्ड मिलने से गुजरात की उपलब्धियों में एक और मील का पत्थर जुड़ गया है।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर