Gandhinagar / Ahmedabad : दक्षिण अफ़्रीका के फ़िनटेक-स्टार्टअप तथा अन्य कंपनियों को गिफ़्ट सिटी में ऑपरेशनल ऑफिस शुरू करने का आमंत्रण

0
387

दक्षिण अफ़्रीका के वित्त मंत्री इनोक गोदोंगवाना ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ की बैठक

गांधीनगर/अहमदाबाद : मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने मंगलवार को गांधीनगर में दक्षिण अफ़्रीका के वित्त मंत्री इनोक गोदोंगवाना ने तथा उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। गोदोंगवाना, जी 20 के तहत गुजरात में आयोजित वित्त मंत्रियों तथा बैंक गवर्नरों की तीसरी समिट में भाग लेने के लिए गांधीनगर आये हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ इस बैठक में अपना मत व्यक्त करते हुए कहा कि वे जी20 के आयोजन से प्रभावित हैं। इतना ही नहीं, गुजरात और दक्षिण अफ़्रीका विकास के कई क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर सकते हैं।

दक्षिण अफ़्रीका के वित्त मंत्री ने गुजरात में औद्योगिक निवेशकों को दिए जाने वाले इनसेंटिव्स तथा प्रोत्साहनों के बारे में जानने में रुचि व्यक्त की। इनोक गोदोंगवाना ने कहा कि गुजरात और दक्षिण अफ़्रीका के बीच सुदृढ़ सांस्कृतिक एवं व्यापारिक संबंध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके यहां कई गुजराती परिवार व्यापार-उद्योग में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात और दक्षिण अफ़्रीका के संबंध बहुत पुराने हैं। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा दक्षिण अफ़्रीका में शुरू किए गए सत्याग्रह आंदोलन का भी स्मरण किया। भूपेंद्र पटेल ने इस संदर्भ में दक्षिण अफ़्रीका के वित्त मंत्री से अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम और गांधीनगर स्थित दांडी कुटीर का दौरा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गुजरात पॉलिसी ड्रिवन राज्य है तथा ‘ईज़ ऑफ़ डूइंग’ बिज़नेस के पॉलिसी फ़्रेमवर्क के कारण आज गुजरात विश्व के निवेशकों के लिए प्रमुख निवेश गंतव्य बन गया है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गिफ़्ट सिटी और धोलेरा एसआईआर जैसी विश्व स्तरीय परियोजनाओं को गुजरात की विशेषता बताते हुए दक्षिण अफ़्रीका के फ़िनटेक स्टार्टअप तथा अन्य कंपनियों को गिफ़्ट सिटी में अपना संचालन शुरू करने के लिए आमंत्रित किया।

इस बैठक में मुख्यमंत्री ने गुजरात और दक्षिण अफ़्रीका के बीच रिन्यूएबल एनर्जी, जेम्स एंड जवैलरी, एग्रो फ़ूड प्रोसेसिंग, एजुकेशन, टूरिज़्म और मेडिकल वैल्यू टूरिज़्म पर सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने गुजरात में दक्षिण अफ़्रीका तथा अन्य अफ़्रीकी राष्ट्रों के कई विद्यार्थियों के पढ़ाई करने की भूमिका देते हुए स्टार्टअप एक्सजेंच प्रोग्राम्स से स्टार्टअप क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने की हिमायत की।

मुख्यमंत्री ने दक्षिण अफ़्रीका के वित्त मंत्री को जनवरी 2024 में होने वाली वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिण अफ़्रीका 2015 और 2019 में वाइब्रेंट समिट का भागीदार देश रहा है और इस वाइब्रेंट समिट में अफ़्रीका-डे पर एक विशेष सत्र के आयोजन की जानकारी भी दी । दक्षिण अफ़्रीका के वित्त मंत्री इनोक गोदोंगवाना ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2024 में आने के लिए मुख्यमंत्री के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया।

इस बैठक में मुख्य सचिव राज कुमार, मुख्यमंत्री के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी पंकज जोशी, उद्योग विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी एस.जे. हैदर तथा जी-20 को-ऑर्डिनेटर, प्रधान सचिव मोना खंधार उपस्थित रहे।