फिरोजाबाद : जनपद के थाना उत्तर व थाना शिकोहाबाद की पुलिस टीमों ने शनिवार को चार बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से चोरी की छह बाइक बरामद की है। पुलिस ने खुलासा कर सभी को जेल भेजा है।
सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी उत्तर कमलेश सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गस्त पर थे, तभी उन्होंने सूचना पर अभियुक्तगण अमृतलाल उर्फ मुरारी पुत्र हुकम सिंह निषाद निवासी नगला बिना थाना बसई मौहम्मदपुर हाल ग्राम दतोंजी थाना लाईनपार व मुकेश पुत्र रामजीलाल निषाद निवासी शंकरपुर थाना बसई मौहम्मदपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई पांच बाइक बरामद की है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अपना खर्चा चलाने के लिये बाइक चोरी करते थे। तीन बाइक मौके से तथा दो बाइक इनकी निशानदेही पर खाली पडे खंडहरनुमा एक बंद मकान में नगला पान सहाय के सामने नई आबादी से बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास है। इन पर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है।
वहीं थाना शिकोहाबाद प्रभारी हरवेन्द्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गस्त पर थे, तभी उन्होंने सूचना पर मोटर साईकिल चोरी करने वाले अभियुक्त अंशुल उर्फ अंकित पुत्र अरविन्द निवासी आमरी थाना शिकोहाबाद हाल निवासी खेडा मोहल्ला थाना शिकोहाबाद व सुमित बघेल पुत्र सतीश चन्द्र निवासी जैवी एकेडमी पथवारी मन्दिर के पास खेडा मौहल्ला थाना शिकोहाबाद को स्टेशन रोड नहर पुल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई मोटर साईकिल स्पलेण्डर बरामद की है। पुलिस के अनुसार इनका एक साथी विक्की उर्फ विकास फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।


