Firozabad : दोस्त की मौत से आहत युवक ने जलती चिता में लगाई छलांग, झुलसा

0
483

फिरोजाबाद : नगला खंगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार को दोस्त की मौत के बाद उसे खोने का गम एक दोस्त सहन नहीं कर सका। उसने दोस्त की जलती चिता में कूदकर जान देने का प्रयास किया। गम्भीर रूप से झुलसी अवस्था में उसे इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया।

गांव गढ़िया पंचवटी निवासी आनन्द गौरव राजपूत (42) की दोस्ती क्षेत्र में रहने वाले अशोक से थी। अशोक पिछले काफी समय से कैंसर जैसी गम्भीर बीमारी से पीड़ित था, जिसकी शनिवार को मौत हो गई। अशोक की मौत के बाद उसके परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिये यमुना घाट पर ले गये। इधर जैसे ही अशोक की मौत की खबर उसके दोस्त आनन्द गौरव को हुई तो वह हैरान रह गया। वह तत्काल ही यमुना घाट पहुंच गया। यमुना घाट पर अशोक के शव का विधि विधान से अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद परिवार के सदस्य घर की तरफ जाने लगे। आनन्द गौरव अपने मित्र अशोक के निधन से इतना आहत था कि कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही उसने अशोक की जलती चिता में छलांग लगा दी। यह देख अंतिम संस्कार में शामिल लोग हैरान रह गये। उन्होंने तत्काल किसी तरह प्रयास कर आनन्द गौरव को जलती चिता से बाहर निकाला लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे इलाज के सरकारी ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी लाया गया, जहां चिकित्सक ने हालत नाजुक होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया। आनन्द गौरव के साथ अस्पताल आये परिजनों ने बताया कि आनन्द की अशोक से गहरी दोस्ती थी। आनन्द अपने दोस्त अशोक की मौत से काफी आहत था।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रण विजय सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर परिवार से पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों गहरे मित्र थे। अशोक की मौत के सदमे को आनन्द बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने यह कदम उठा लिया है। मामले की जांच की जा रही है।