Fatehpur : वर पक्ष ने नहीं दिए ब्यूटी पार्लर के पैसे, विवाद के बाद लड़की का शादी से इनकार

0
294

फतेहपुर : (Fatehpur) जिले में शनिवार बीती रात ब्यूटी पार्लर के पैसे देने से वर पक्ष द्वारा इनकार कर देने से बढ़े विवाद के बाद नाराज दूल्हे ने शादी के बाद दुल्हन को घर ले जाकर जान से मार डालने की धमकी दी। इस पर दुल्हन ने भी शादी से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लेन-देन करवा कर दोनों पक्षों में सुलह कराया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

जानकारी के अनुसार, मलवां थाना क्षेत्र के सत्तेपुर गांव निवासी मिश्रीलाल के बेटे जय सिंह की शादी बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में तय थी।

जयसिंह की बरात शुक्रवार की शाम दुल्हन के गांव पहुंची थी। अगवानी के बाद जयमाल के लिए दुल्हन को सजाने के लिए घर की महिलाआें ने मेकअप के लिए ब्यूटी पार्लर से ब्यूटीशियन को बुलाया था। इसके बाद दुल्हन के मेकअप पर आए खर्च को लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष से देने के लिए कहा तो लड़के वालों ने खर्च देने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।

वहीं दूल्हे ने कहा कि वह जयमाल की रस्म नहीं करेगा। सीधे भांवरें डालकर दुल्हन को विदा कराकर घर ले जाएगा। यह सुन लड़की पक्ष जयमाल की रस्म पर अड़ गया। आरोप है कि इसके बाद दूल्हा जनवासे से उठकर सीधे दुल्हन के घर पहुंचा और दुल्हन को धमकी देते हुए कहा कि वह विदाई के बाद उसे ससुराल ले जाकर 3 दिन के भीतर जान से मार डालेगा। यह सुनकर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया था।

थाना प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि ब्यूटी पार्लर के रुपयों के लेन-देन को लेकर वर और वधू पक्ष के बीच विवाद हुआ है। पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह करा दिया है। इसके बाद वधू पक्ष बिना दुल्हन को विदा किये ही दूल्हे को बैरंग लौटा दिया है। बावजूद इसके इस मामले में किसी पक्ष से कोई शिकायत नहीं की गई है।