spot_img

Fatehabad : तीन बच्चों ने किया एटीएम को तोडऩे का प्रयास, पकड़े गए

फतेहाबाद : (Fatehabad) शहर में शनिवार अलसुबह जीटी रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ोदा के एटीएम (ATM of Bank of Baroda) को तीन बच्चों द्वारा तोडऩे का असफल प्रयास करने का समाचार है। इन बच्चों की उम्र 13-14 साल के आसपास है। यह तीनों बच्चे कूड़ा बीनने का काम करते हैं। जैसे ही बच्चों ने एटीएम को तोडऩे की कोशिश की तो बैंक के हैड क्वार्टर में अलार्म बज गया और सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम (finger print expert team) को बुलाया गया। टीम ने फिंगर प्रिंट लिए हैं।

इसके बाद एटीएम रूम पुलिस ने लॉक कर दिया गया। इसे बैंक अधिकारियों के आने के बाद खोला गया। इस मामले में शहर फतेहाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में काबू कर लिया है। काबू किए गए तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत जुवेनाइल कोर्ट (Juvenile Court under the Juvenile Justice Act) में प्रस्तुत किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार अलसुबह तीन बच्चे जीटी रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर बने एटीएम रूम में घुसे। इन युवकों ने पेचकस आदि से एटीएम मशीन (ATM machine) को तोडऩे का प्रयास किया। जिस समय यह घटना हुई, उस समय एटीएम पर कोई गार्ड तैनात नहीं था। हालांकि, थोड़ी दूर ही अन्य बैंक के एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड तैनात था, मगर उसे किसी तरह का शोर सुनाई नहीं दिया। पुलिस के आने के बाद ही उसे मामले का पता चला। हालांकि, हेड क्वार्टर का अलार्म जरूर बजा, जिसके बाद पुलिस आई। तीनों बच्चों से एटीएम से रुपए नहीं निकाल पाए।

इसके बाद पुलिस के आने की भनक लगने के साथ तीनों बच्चे वहां से फरार हो गए। थोड़ी देर बाद ही पुलिस मौके पर आई और मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस तीनों बच्चों की तलाश में जुट गई। पुलिसकर्मियों ने बैंक अधिकारियों के पास रात को ही फोन किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। सुबह होने के बाद बैंक अधिकारी बैंक परिसर में पहुंचे। इसके बाद मामले की पूरी डिटेल ली गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर इन बच्चों की तलाश कर दी।

शहर थाना फतेहाबाद प्रभारी एसआई ओम प्रकाश (City police station Fatehabad in-charge SI Om Prakash) ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली। महज एक घंटे के भीतर तीनों नाबालिगों को उनके परिजनों की उपस्थिति में हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों नाबालिगों ने बैंक एटीएम में चोरी की पूर्व-नियोजित योजना के तहत घुसपैठ की थी। हालांकि, बैंक की मजबूत सुरक्षा प्रणाली और पुलिस की तत्परता के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि मामले की तकनीकी जांच भी जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस घटना के पीछे कोई अन्य व्यक्ति या संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

Explore our articles