कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति भी घायल
फतेहाबाद : जिले के कस्बा भूना के पुराने बाजार में नगरपालिका कार्यालय के सामने ट्यूशन सेंटर से घर लौट रही दसवीं कक्षा की छात्रा का कार में सवार दो युवकों ने जबरदस्ती अपहरण कर लिया। छात्रा ने बचाव के लिए जब कार के ड्राईवर के साथ हाथापाई की तो गाड़ी अनियन्त्रित होकर खैरी रोड पर जल घर की पाइप लाइन के मेनहोल से टकराकर पलट गई। इस दौरान एक मोटरसाइकिल भी कार से टकरा गया, जिस पर सवार दो लोग घायल हो गए।
कार पलटने के बाद शनिदेव कॉलोनी के लोगों ने छात्रा व अपहरणकर्ता युवकों को बाहर निकाला। कार के एयरबैग खुलने के कारण छात्रा व आरोपियों को गंभीर चोट नहीं आई। घायलों को सीएचसी केंद्र भूना में दाखिल करवाया, परंतु आरोपी अनमोल व उसका साथी बिना इलाज के गायब हो गए, जबकि छात्रा को अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। छात्रा के पिता की शिकायत पर अपहरणकर्ता अनमोल व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
भूना के सीएचसी केंद्र में दाखिल छात्रा ने बताया कि सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद जब वह पुरानी बाजार से ट्यूशन पढक़र घर जा रही थी तो तेज गति में कार उसके पास आकर रुकी। उसमें दो युवकों ने जबरदस्ती उन्हें कार में बैठाकर कार को खैरी रोड की तरफ भगा लिया। छात्रा का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों के साथ काफी हाथापाई भी की। जब खैरी रोड की तरफ कार को मोड पर तेज गति में कार जाने लगी तो कार ड्राईवर अनमोल का उसने हाथ पकड़ लिया। कार अनियंत्रित होकर पाइप लाइन के मेनहोल से टकराकर पलट गई। छात्रा ने कहा कि कार में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करके हाथापाई करने से रोका। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सृष्टि गुप्ता ने महिला एएसआई सुषमा देवी को मौके पर भेजा। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
अपहरणकर्ताओं की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। मोटरसाइकिल चालक एवं वार्ड नंबर 5 निवासी संदीप कुमार व उसका मामा आजाद सिंह भी घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए सीएचसी केंद्र में दाखिल किया गया, मगर हालत गंभीर होने के कारण अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया।
एएसपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि छात्रा के अपहरण मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीडि़ता से घटनाक्रम में शामिल युवकों की पहचान के बारे में बात की। छात्रा ने एक अपहरणकर्ता की पहचान अनमोल तथा दूसरे के बारे में नाम नामालूम बताया है। एएसपी ने कहा कि छात्रा के पिता की शिकायत पर एक नामजद तथा एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


