spot_img

Dungarpur : मोदी सरकार ने फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया, किसानों की दुगुनी होगी आय : सीपी जोशी

डूंगरपुर : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी बुधवार को डूंगरपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने प्रेस वार्ता कर मोदी सरकार के सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूर्ण होने पर मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियां साझा की।

प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने कहा कि मोदी सरकार के 9 सालों में देश हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। सरकार किसानों की आय दुगनी करने करने के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के हित में बहुत बड़ा फैसला करते हुए फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भारी वृद्धि की है। जोशी ने कहा मोदी सरकार ने जवार, बाजरा, रागी, मेज, अरहर दाल, उड़द दाल, सोयाबीन, सूरजमुखी बीज पर वित्त वर्ष 2023-2024 के लिए लगभग 6-7 प्रतिशत की वृद्धि की है। साथ ही 2023-24 फसल वर्ष के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 143 रुपये बढ़ाकर 2,183 रुपये करने और खरीफ की सभी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इससे किसानों को धान की खेती के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आमदनी भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ मोदी सरकार किसानों को सम्बल देने का काम कर रही है वही दूसरी और प्रदेश की कांग्रेस सरकार कर्ज में डूबे किसानों को राहत देने के बजाय उनकी जमीनों को नीलाम करने का काम कर रही है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने गहलोत के इस बयान कि ईडी की कार्यवाही बढी तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि गहलोत का यह बयान मुख्यमंत्री के पद की गरिमा को गिराने वाला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 2023 के चुनाव परिणाम का इंतजार कीजिए जनता ने आपको पहले ही सड़क पर लाने का मन बना लिया है। प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने प्रदेश में लगातार बढ़ते महिला अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि राजस्थान में महिलाएं कहीं पर भी सुरक्षित नहीं है। चूरू के बालिका गृह में सरकार के बाल संरक्षण समिति का सदस्य व कांग्रेस के सीडब्ल्यूसी मेंबर मनोज सैनी बालिकाओं का यौन शोषण करता रहा, जिसकी शिकायत 6 महीने पूर्व होने के बाद भी अभी तक उसे पद से ना हटाना और पोस्को एक्ट लगने के बाद भी गिरफ्तार नहीं करने के पीछे आखिर सरकार की क्या मंशा है? मुख्यमंत्री एक दुष्कर्म के अपराधी को क्यों बचा रहे हैं, उनका अपराधी से क्या रिश्ता है यह साफ होना चाहिए।

Explore our articles