
डोंबिवली : (Dombivli) कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका (केडीएमसी) (Kalyan-Dombivli Municipal Corporation) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘सेटलमेंट’ के नाम पर एक महिला कर्मचारी से वरिष्ठ कर्मचारी द्वारा शारीरिक संबंध की मांग किए जाने का आरोप लगा है। इस घटना ने मनपा में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। डोंबिवली के सावलाराम क्रीड़ा संकुल में कार्यरत वरिष्ठ लिपिक भूषण पाटील (Manpada Police Station against Bhushan Patil) के खिलाफ मानपाडा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि नौकरी से निकालने की धमकी देकर उससे यौन संबंध बनाने का दबाव बनाया गया।
शिकायत के बावजूद नहीं हुई तत्काल कार्रवाई
महिला कर्मचारी ने पहले इस मामले की शिकायत अपने वरिष्ठ अधिकारियों से की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर अंततः उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
व्हाट्सएप कॉल पर की गई आपत्तिजनक मांग
शिकायत के अनुसार, 20 जनवरी की रात करीब 8 बजे भूषण पाटील ने व्हाट्सएप कॉल कर महिला से कहा कि उसे नौकरी से निकालने का आदेश मिला है और ‘सेटलमेंट’ के बदले वह क्या दे सकती है। जब महिला ने मजाक में ‘चॉकलेट’ देने की बात कही, तो आरोपी ने शारीरिक संबंध की मांग कर दी। यह घटना मनपा चुनाव ड्यूटी (municipal election duty) के दौरान की बताई जा रही है। 17 जनवरी को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह मामला सामने आया।
पुलिस में शिकायत के बाद हरकत में आई मनपा
मामला दर्ज होने के बाद ही मनपा प्रशासन हरकत में आया और आरोपी भूषण पाटील को निलंबित कर दिया गया। इससे पहले तक कार्रवाई न होने पर महिला कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई।


