spot_img

Dimapur: एनपीएसी ने चुनाव से पहले नगा राजनीतिक मुद्दे के हल के लिए शनिवार को बंद का आह्वान किया

दीमापुर :(Dimapur) नगालैंड पीपुल्स एक्शन कमेटी (NPAC) ने विधानसभा चुनाव से पहले नगा राजनीतिक मुद्दे (NPI) के समाधान के लिए शनिवार को छह घंटे के बंद का आह्वान किया है।

यह आह्वान ऐसे समय पर किया गया है जब, इस साल होने वाले 60 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए भारत निवार्चन आयोग (ECI) का एक दल राज्य के दौरे पर है।

एनपीआई ने शनिवार को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया है। एनपीआई के जल्द समाधान के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से पिछले साल जून में एनपीएसी का गठन किया गया था।

एनपीएसी के संयोजक थेजा थेरीह ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह नाराजगी व्यक्त करने के लिए बंद रखेंगे और ईसीआई दल को बताएंगे कि चुनाव होने से पहले नगा इस मुद्दे का समाधान चाहते हैं।

ईसीआई का दल शुक्रवार और शनिवार को राज्य के दौर पर रहेगा। थेरीह ने कहा, ‘‘ क्या 26 साल की बातचीत काफी नहीं है? बातचीत की आड़ में किसी को बहकाया नहीं जाना चाहिए। नगा बेसब्री से इस मुद्दे के समाधान का इंतजार कर रहे हैं।’’

थेरीह ने लोगों से समिति का सहयोग करने और बंद का पालन करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि एनपीएसी को आदिवासी निकायों और नागरिक समाज संगठनों का समर्थन प्राप्त है। नगालैंड में वर्तमान सरकार का कार्यकाल चार मार्च को समाप्त हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles