डिब्रूगढ़ (असम) : (Dibrugarh) असम के डिगबोई के रामनगर इलाके (Ramnagar area of Digboi) में सोमवार को एक ऑयल टैंकर में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब स्थानीय गैराज में टैंकर की वेल्डिंग मरम्मत का कार्य चल रहा था। वेल्डिंग के दौरान एएस- 07 सी 5132 नंबर वाले टैंकर में अचानक तेज धमाका हुआ। इस हादसे में चालक सुनील बोरा (51) और मैकेनिक उमेश सिंह (46) को गंभीर चोटें आई हैं, खासकर उनके चेहरे और शरीर पर गहरे चोट लगे।
विस्फोट के समय मौके पर मौजूद अन्य श्रमिक बाल-बाल बच गए। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अत्यधिक ज्वलनशील टैंकर (highly flammable tanker) पर सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी और अनधिकृत मरम्मत कार्य के चलते यह दुर्घटना हुई। यह वाहन लखीमपुर जिले के दोयमुख से संबंधित है।
घटना की सूचना मिलते ही डिगबोई पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार करवाने के बाद बेहतर इलाज के लिए डिब्रूगढ़ के अस्पताल (hospital in Dibrugarh) में भर्ती करवाया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


