धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में बुधवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न देशों के प्रतिनिधि धर्मशाला पंहुच गए हैं। मंगलवार को दिल्ली से अलग-अलग फ्लाइट से भारत सहित अन्य जी-20 देशों के करीब 70 प्रतिनिधि कांगड़ा एयरपोर्ट पंहुचे। एयरपोर्ट पर इन प्रतिनिधियों का हिमाचली परंपरा के अनुरूप खास अंदाज में स्वागत किया गया।
हिमाचली संस्कृति के परिवेश में कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों से सराबोर होकर विदेशी प्रतिनिधियों ने भी एयरपोर्ट परिसर में जमकर नृत्य किया। हिमाचली संस्कृति के रंग में डूबे विदेशी प्रतिनिधि जहां स्थानीय कलाकारों के साथ खूब थिरके वहीं उन्हें हिमाचली व्यंजन भी कांगड़ा चाय के साथ दिए गए। इस दौरान हिमाचल सरकार की और से हिमाचल पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष एवं विधायक आरएस बाली सहित धर्मशाला के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने प्रतिनिधियों का देवभूमि पंहुचने पर स्वागत किया।
इसके अलावा केंद्र की ओर से राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह से विधायक विपिन सिंह परमार सहित कांग्रेस, भाजपा के नेता और राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि जी-20 की बैठकों की कड़ी में धर्मशाला में बुधवार से दो दिवसीय बैठक शुरू हो रही है। इस सम्मेलन में भारत सहित अन्य जी-20 के देशों के प्रतिनिधि ‘रिसर्च एंड इनोवेशन इनिशिएटिव गैदरिंग’ विषय के तहत नवीनतम अनुसंधान एवं नवाचारों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।


