धर्मशाला : कांगड़ा जिला के पालमपुर बस अड्डे पर शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक सिरफिरे युवक ने कॉलेज की छात्रा पर सरेआम दराट से हमला कर दिया। इस हमले में केएलवी कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा बुरी तरह से लहूलुहान हो गई। इस हमले में युवती के हाथ और सिर पर गम्भीर चोटें आई हैं। युवती की गम्भीर हालत लो देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। हालांकि बस अड्डे पर सरेआम इस घटना के तुरंत बाद वहां खड़े युवकों और अन्य लोगों ने उसे दबोच लिया और उसकी पिटाई भी कर डाली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पंहुची और युवक को गिरफ्तार कर थाने ले गई।
उधर इस हमले में बुरी तरह घायल हुई युवती को प्राथमिक उपचार के बाद पहले टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया लेकिन बाद में उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। उधर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित नगरोटा बगवां के मस्सल का रहने वाला है तथा पीडब्ल्यूडी विभाग में मल्टी टास्क वर्कर के तौर पर कार्यरत है।
वहीं पुलिस सारे मामले की जांच कर रही है। युवक की इस खतरनाक सोच के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। देवभूमि कहलाने वाले हिमाचल में इस तरह की घटना से लोगों में भी खासा रोष है। बस अड्डे जैसे भीड़ भाड़ वाली जगह पर सरेआम गुंडागर्दी और दराट के साथ युवती पर जानलेवा हमला करना सुरक्षा व्यवस्था और सवालिया निशान लगाती है। इस घटना से यह भी आता चलता है कि हिमाचल जैसे प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नही रह गई हैं। उधर एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल युवती को टांडा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया जहां से उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया है। उधर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की जा रही है। आरोपित को कल रविवार को न्यायधीश के समक्ष पेश किया जाएगा।


