spot_img

Dhamtari : नौतपा में सड़कें सूनसान, गलियां वीरान

सूर्य की किरणें बरपा रही कहर, गर्मी से लोग बेहाल

धमतरी : 25 मई से प्रारंभ हुए नौतपा का कहर जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। आसपास के क्षेत्र में दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सूर्य की किरणें आसमान से आग बरसा रही है। लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। दोपहर में गांवों की सड़कें सूनसान और गलियां वीरान नजर आती है।

नौतपा के तेज धूप के चलते गांव की गलियां हों या नगर की सड़कें हर तरफ सन्नाटा पसरा रहा। सुबह आठ बजे से गर्म हवा चलने लगती है, जो देर शाम तक चलती रही। तापमान का पारा दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। दोपहर होने के साथ ही तेज धूप का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। इसके बाद शाम ढलने तक इसका असर बना रहता है। गर्म हवा से बचने के लिए लोग उपाय करके ही बाहर निकल रहे हैं। सुबह 11 बजे के बाद डाही सहित क्षेत्र के प्रमुख मार्ग व गलियों में सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोग तेज गर्मी से बचने के लिए शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं। तेज गर्मी का असर यह है कि लोग घर व दफ्तरों में कूलर, एसी चला रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लो वोल्टेज के कारण कूलर और पंखे भी लोगों का साथ नहीं दे रहे हैं। गर्मी के कारण खांसी, बुखार व शरीर में दर्द तथा लू लगने से शरीर सुस्त होने की शिकायतें बढ़ रही है।

प्रचंड गर्मी की वजह से लोगों का ही नहीं अपितु जीव जंतुओं का भी हाल बेहाल है। पशु पक्षियों में पानी न मिलने से ज्यादा परेशानी देखी जा सकती है। स्वास्थ्य केंद्र डाही के एमबीबीएस डा कुलदीप ठाकुर एवं आएचओ यमुना साहू का कहना है कि गर्मी के मौसम में खानपान में सावधानी बरतनी चाहिए। वातावरण में उष्णता के कारण शरीर का पानी सूखने लगता है। अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए। धूप में निकलते समय टोपी, चश्मा, गमछे का उपयोग करना चाहिए और बासी भोजन से बचना चाहिए। लू से बचाव के लिए बहुत अनिवार्य न हो तो घर से बाहर ना जाये।

धूप में निकलने से पहले सर व कान को कपड़े से अच्छी तरह से बांध ले पानी अधिक मात्रा में पिये अधिक समय तक धूप में न रहे। गर्मी के दौरान मुलायम सूती कपड़े पहने ताकि हवा और कपड़े पसीने को सोखते रहे। अधिक पसीना आने की स्थिति में ओआरएस घोल पिएं। चक्कर, उल्टी आने पर छायादार स्थान पर विश्राम करें। शीतल पेय करें। जल पिये, फल का रस, लस्सी, आदि का सेवन करें। प्रारंभिक सलाह के लिए 104 आरोग्य सेवा केन्द्र से निश्शुल्क परामर्श ले। उल्टी, सिर दर्द, तेज बुखार की दशा में निकट के अस्पताल अथवा स्वास्थ्य केंद्र से जरूरी सलाह लें।

Explore our articles