spot_img

Dhamtari : नकदी एवं जेवरात चोरी का एक आरोपित गिरफ्तार, दो फरार

कुरूद में 2.66 लाख की चोरी का मामला

शराब पीकर बनाई चोरी की योजना

धमतरी : नकदी एवं जेवरात चोरी के एक आरोपित को साइबर क्राइम एवं कुरूद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपित फरार है। आरोपित से 2.66 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात जब्त किए गए हैं। आरोपितों ने शराब पीकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

कुरूद पुलिस से शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार शंकर नगर कुरूद निवासी राजेश ग्वाल के सूने मकान से 24 अक्टूबर को सोने का चैन, कंगन, चूड़ी, झुमका, अंगूठी, लाकेट सहित तीन लाख रुपये की चोरी हो गई। पूरा परिवार घर में ताला लगाकर अपने गांव गया था। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आसपास का सीसीटीवी कैमरा खंगाला। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर संदेही सचिन उर्फ सतीश नेताम 38 वर्ष निवासी अटल आवास कुरूद को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पुलिस को बताया कि दो अन्य साथियों के साथ मिलकर किरण पब्लिक स्कूल के पास शंकर नगर कुरूद के सूने मकान में चाेरी की। एक साथी घर के बाहर रोड किनारे आने जाने वाले लोगों पर नजर रख रहा था। दरवाजा के ताला को रिंग पाना से तोड़कर घर अंदर प्रवेश किया।

आलमारी का लाक तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ली। कुछ सोने के जेवरात व 6000 रुपये अपने पास रख लिए तथा बाकी के चांदी के आभूषण व नकद राशि साथी को दे दिए। चोरी की राशि को शराब पीने व ढाबा में खाना खाने में कर दिया। जेवरात को अपनी झोपड़ी के पास पत्थर में छिपाकर रखा था। आरोेपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपित का पूर्व में चोरी के संबंध में अापरधिक रिकार्ड है। कुछ दिनों से फरार चल रहा था।

आरोपितों से सोने की चैन दो, सोने का कान का सेट दो, सोने की चूड़ी दो, रानी हार एवं झुमके का एक सेट, सोने का अंगूठी चार, सोने का झुमका और टाप, सोने का लाकेट सहित कुल दो लाख 66 हजार 500 रुपये के आभूषण पुलिस ने जब्त किया। पुलिस ने बताया कि आरोपित सतीश नेताम से पूछताछ में पता चला है कि वह 24 अक्टूबर को केन्द्री से कुरूद अपने हाथ तथा सिर में लगी चोट का उपचार कराने के लिए आया था। चोरी करने का सामान रिंग पाना, राड, पेचकस, पेचिंस सफेद रंग के प्लास्टिक थैला में लेकर आया था। बस से कुरूद पहुंचने की बाद उपचार करवाने डाक्टर के पास जाने की बजाया देशी शराब दुकान पहुंच गया। शराब पीने के बाद घूमते-घूमते अटल आवास कुरूद पहुंच गया। वहां पुल के पास बैठा था। उसी समय उसके दो साथी मिल गए। इसके बाद तीनों ने मिलकर शराब पी। शराब पीकर चोरी की योजना बनाई और सूना घर तलाश करने लगे।

Explore our articles