डंक से बचने लोग बोरा, साफा, कपड़ा और पेपर से छिपाते रहे चेहरा
धमतरी : धमतरी शहर के साप्ताहिक इतवारी बाजार में मधुमक्खियों के हमले से कई लोग उनके डंक का शिकार हुए। बाजार में सब्जी और अन्य वस्तुओं की खरीदी करने आए लोगों की सैकड़ों की भीड़ भिनभिनाती मधुमक्खियों से बचने कुछ मिनट में ही गायब हाे गई। यहां दुकान लगाने वाले लोग अपने सिर पर प्लास्टिक बोरी, थैला, कपड़ा, पेपर और अन्य चीजें रखकर स्वयं का मधुमक्खियों से बचाव करते रहे। नगर निगम धमतरी के कार्यालय के पास धमतरी शहर का सैकड़ों वर्ष पुराना साप्ताहिक इतवारी बाजार लगता है।
बाजार में स्थित पानी की ओवरहैड टैंक के ऊपर 20 से अधिक मधुमक्खियों का छत्ता है। 23 अप्रैल की शाम बाजार में खरीददारी करने सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी थी। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया।मधुमक्खियों के हमले के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। किसी ने निगम कार्यालय में छिपकर वहां की खिड़की दरवाजा बंद कर अपना बचाव किया। कई लोगों ने आसपास की दुकानों में शरण ली। कई लोगों ने अपना सिर कपड़े से ढंक रखा था, फिर भी मधुमक्खियां उनके सिर के उपर भिनभिनाती रही।
बाजार में सब्जी लेने गई विजयलक्ष्मी साहू, प्रतिमा यादव, मालती देवांगन ने बताया कि सब्जी खरीद रहे थे, उसी समय नगर निगम की तरफ से लोग सिर पर कपड़ा ढंककर भागते हुए आने लगे। सब्जी बेचने वालों ने बताया कि मधुमक्खियां आ गई है, इसलिए जल्दी से अपना सिर ढंक लो, नहीं तो डंक मार देंगी। इसके बाद हम लोग सिर में स्कार्फ बांधकर घर आ गए। कई लोगों तत्काल बाजार से निकल गए। पूरा बाजार खाली हो गया।11 मार्च 2022 को भी इतवारी बाजार धमतरी की पानी टंकी के ऊपर स्थित मधुमक्खियों निगम रोड से गुजर रहे लोगों पर हमला कर दिया था।
नगर निगम कार्यालय के पास प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। पास के वृक्ष और पानी टंकियों में मधुमक्खियों के कई छत्ते हैं, जो लोगों के लिए बार- बार खतरा बनते रहते हैं। वृहद पेड़ और पानी टंकी के ऊपर मधुमक्खियों के कई छत्ते हैं, जिनमें हजारों की संख्या में मधुमक्खियां हैं। समय-समय पर मधुमक्खियां यहां-वहां उड़ती रहती हैं। बाजार में पसरा लगाने वाले सब्जी व्यवसायी व ग्राहकों पर मधुमक्खियों का झुंड कई बार हमला कर चुका हैं। कई बार मधुमक्खियां लोगों काटकर घायल कर चुकी हैं। लोगों ने नगर निगम से छत्ता हटाने के लिए उचित पहल करने की मांग की है।


