spot_img

Dhamtari:रोपाई-बोआई से पहले 37 हजार किसानों पर 138 करोड़ का कर्ज

धमतरी:(Dhamtari) खरीफ सीजन की खेती-किसानी शुरू हो गई है। किसान तैयारी करने सहकारी बैंकों से ऋण ले रहे हैं। अब तक जिलेभर के 37 हजार से अधिक किसानों ने 138 करोड़ रुपये का ऋण ले चुके हैं। इस साल किसानों को सहकारी बैंकों से 300 करोड़ तक ऋण देने का लक्ष्य रखा गया है। जबकि पिछले साल करीब 70 हजार किसानों ने 225 करोड़ रुपये का ऋण लिया था।

जिले के धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड के करीब एक लाख से अधिक किसान सहकारी बैंकों से जुड़े हुए है। इन किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर सहकारी बैंकों से हर साल खरीफ खेती-किसानी के लिए ऋण दिया जाता है। खरीफ खेती-किसानी शुरू होने से पहले ही जिले के 37493 किसानों ने अब तक सहकारी बैंकों से 138 करोड़ रुपये का ऋण लिया है, जिसमें नकद व सामग्री दोनों है।

उल्लेखनीय है कि किसान खरीफ खेती-किसानी के लिए ऋण के तौर पर खाद स्टाक करते हैं। वहीं खेती-किसानी सामग्री, धान बीज, औजार खरीद रहे हैं, क्योंकि बारिश शुरू होने के साथ जल्द ही खेती-किसानी में तेजी आएगी।

जिला नोडल अधिकारी शिवेष मिश्रा से मिली जानकारी के अनुसार इस साल खरीफ खेती-किसानी के लिए किसानों को जिलेभर के सहकारी सोसाइटियों से 300 करोड़ रुपये ऋण देने का लक्ष्य रखा गया है। सहकारी कर्मचारियों के हड़ताल से लौटने के बाद ऋण लेने किसान सोसाइटियों व बैंकों में पहुंच रहे हैं। जरूरतमंद किसानों को सितंबर माह तक ऋण दिया जाता है। पिछले साल जिले के 67 हजार से अधिक किसानों को 225 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया था।शून्य प्रतिशत ब्याज पर रबी सीजन में जिले के 14842 किसानों ने खेती-किसानी के लिए 59 करोड़ 86 लाख रुपये का ऋण लिया था। उत्पादित धान फसल की कटाई-मिंजाई व धान बिक्री के बाद किसानों ने 35 करोड़ 78 लाख रुपये जमा कर दिया है, जो वसूली के 60 प्रतिशत है। हड़ताल के चलते किसानों ने ऋण जमा नहीं किया था। अब हड़ताल खत्म होने के बाद किसान सहकारी बैंकों व सोसाइटियों में रबी सीजन के ऋण जमा करने पहुंच रहे हैं। इस ऋण को पटाने के बाद इन किसानों को पुन: खरीफ सीजन के लिए बैंकों से ऋण दिया जाएगा।

Explore our articles