
ढाका : (Dhaka) बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव और ऐतिहासिक राष्ट्रीय जनमत संग्रह (parliamentary election and historic national referendum) के लिए गुरवार को मतदान के दौरान देश के कई हिस्सों में हुए बम विस्फोट में अनेक लोग घायल हो गए। यह धमाके मुंशीगंज और गोपालगंज में हुए हैं। इसके अलावा मीरपुर में दो पार्टियों के सदस्यों के बीच झड़प की सूचना है।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार आज सुबह मतदान के दौरान मुंशीगंज सदर उपजिला के मखाती गुरुचरण हाईस्कूल (Makhati Gurucharan High School) में एक देसी बम से धमाका किया गया। सदर थाना प्रभारी मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर झड़प हुई। इसी दौरान बम से धमाका किया गया।
राजधानी ढाका में मीरपुर-10 संसदीय क्षेत्र में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (Bangladesh Nationalist Party) (BNP) और जमात समर्थकों के बीच भिड़ंत की खबर है। इसी सीट से जमात के मुखिया शफिकुर रहमान चुनाव लड़ रहे हैं।
प्रोथोम अलो की रिपोर्ट के अनुसार गोपालगंज सदर (Gopalganj Sadar) में एक मतदान केंद्र पर वोटिंग के दौरान एक देसी बम फेंका गया। इस धमाके में अंसार के दो सदस्यों समेत तीन लोग घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे रेशमा इंटरनेशनल स्कूल (Reshma International School) मतदान केंद्र पर हुई।
केंद्र पर पर मौजूद सब इंस्पेक्टर जहीदुल इस्लाम (Sub-inspector Jahidul Islam) ने कहा कि हमलावरों ने पास की नहर के पार से देसी बम फेंका। इस धमाके में अंसार के सदस्य सुकोंथा मजूमदार और जमाल हुसैन, साथ ही आरामबाग इलाके के एक मतदाता की 14 साल की बेटी अमीना खानम घायल हो गईं। धमाके से केंद्र का मेन गेट थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया।


