
देहरादून/रूद्रपुर : उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर में पुलिस ने पिछले कई दिनों से फर्जी पुलिस महानिदेशक की कार में घूमते हेकड़ी दिखा रहे उत्तर प्रदेश के 15 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है ।
ऊधमसिंह नगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपियों की पांच कारों को भी जब्त कर लिया गया है ।
उन्होंने कहा कि सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के नंबर की तीन सितारे वाली नीली बत्ती लगी पुलिस महानिदेशक के स्तर वाले अधिकारी की सियाज कार में घूमते हुए कुछ युवक मॉल तथा अन्य जगहों पर अपना रौब दिखा कर लोगों से धन उगाही कर रहे हैं ।
मंजूनाथ ने बताया कि देर रात सिडकुल पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित एक मॉल में वीआइपी बनकर घुसे इन युवकों ने जमकर हंगामा किया। इन लोगों से जब पूछताछ की गयी तो पाया गया कि ये लोग फर्जीवाडा कर रहे थे और इस पर इन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया ।
उन्होंने बताया कि इन युवकों के पास असलहे भी थे ।
अधिकारी ने बताया कि 15 आरोपियों में से पांच के पास लाइसेंसी रिवाल्वर और पिस्तौल भी थी । इनके शस्त्र लाइसेंसों की जब जांच की गयी तो तीन शस्त्रधारक अखिल भारतीय लाइसेंस धारक जबकि दो अन्य उत्तर प्रदेश राज्य की अधिकारिता वाले लाइसेंस धारक निकले।
मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पांचों वाहनों को जब्त कर लिया गया है ।


