सात टीमें जुटी हुई हैं रेस्क्यू अभियान में
दो बॉर्डर मार्ग सहित कुल 161 मार्ग बाधित
देहरादून : केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में आई आपदा में लापता लोगों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। अभी तक कुल 23 लोग लापता हैं जिनमें से 3 लोगों के शव बरामद हो गये हैं। अभी भी बीस लोग लापता हैं। घटनास्थल के साथ ही मंदाकिनी नदी में रेस्क्यू अभियान जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस सहित अन्य टीमें रेस्क्यू अभियान में लगी हुई हैं। राज्य में वर्षा से 02 बॉर्डर मार्ग सहित कुल 161 अन्य मार्ग बाधित हैं। मौसम विभाग ने राज्य में नौ अगस्त तक के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी घटनास्थल पर आना था लेकिन मौसम खराब होने के कारण वह नहीं आ पाये। गुरुवार रात केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में चट्टान टूटने के कारण तीन दुकानें जमीदोज हो गई थी। इस घटना में पहले 12 फिर बीस और अब 23 लोगों के गायब होने की सूचना है। 23 लोगों में से तीन लोगों के शव शुक्रवार को ही बरामद हो गये थे। शनिवार को भी दिनभर रेस्क्यू अभियान चला लेकिन किसी अन्य लापता चल रहे व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया। गौरीकुंड में घटनास्थल के साथ ही मंदाकिनी नदी में जगह-जगह रेस्क्यू अभियान चलाया गया लेकिन लापता चल रहे लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। मंदाकिनी नदी का तेज बहाव भी रेस्क्यू अभियान में बाधक बन रहा है।
घटनास्थल पर ड्रोन सहित अन्य मशीनों के जरिये रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, यात्रा मैनेजमेंट फोर्स, पुलिस, पीआरडी और होमगार्ड के जवान रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री के न पहुंचने के बाद आपदा सचिव और गढ़वाल कमीश्नर ने घटना स्थल का मौका-मुआयना किया।
शनिवार सुबह से देर शाम तक प्रदेश में वर्षा का क्रम जारी रहा। देहरादून सहित अन्य स्थानों पर सूर्यदेव कुछ क्षण के निकले,लेकिन फिर बादलों के ओट में दिनभर लुकाछिपी करते रहे। देहरादून सहित राज्य के अधिकतर स्थानों पर मध्यम से तेज गति की बारिश का क्रम रुक-रुक कर जारी है।
मौसम विभाग की ओर से राज्य में रविवार (06 जुलाई)को पांच जिलें देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत नैनीताल, उधमसिंह गनर के लिए लिए ऑरेंज और आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सात अगस्त के लिए चंपावत नैनीताल, उधमसिंह गनर के लिए ऑरेज और 10 जनपदों के लिए येलो और आठ अगस्त अल्मोड़ा, चंपावत नैनीताल, उधमसिंह गनर के लिए ऑरेंज और अन्य 09 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया। 09 अगस्त को टिहरी, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, बागेश्वर में ऑरेंज और अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान इस दौरान गरज चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। बारिश से संवेदनशील इलाकों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण सड़कों और राजमार्गों में कटाव से अवरोध होने और निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति बन सकती है।
प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा से पिथौरागढ़ जिले में दो बॉर्डर और 10 राज्य मार्ग सहित कुल 161 अन्य सड़कें बाधित हैं जिन्हें संबंधित विभाग की ओर से खोलने की कार्यवाही की जा रही है।
अब तक अतिवृष्टि से 36 की मौत, 31 घायल
राज्य में 15 जून से अब तक अतिवृष्टि से मरने वाले की संख्या 36 हो गई है जबकि 31 घायल और 20 लापता हैं। प्रदेश में सड़क दुर्घटना में 43 लोगों को जान गंवानी पड़ी है और 149 लोग घायल हुए हैं, वहीं 03 लोग मिसिंग है।


