देहरादून:(Dehradun) विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खण्डूड़ी (Assembly Speaker Ritu Bhushan Khanduri) ने शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर विधानसभा भवन में झंडा फहराया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र का सजग प्रहरी है और हम गर्व से कह सकते हैं कि हम विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में सफल हुए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज से 75 वर्ष पूर्व 1950 को हमें भारत का संविधान मिला, तब से हम एक महान लोकतंत्र के नागरिक होने का उत्सव मनाते आ रहे हैं। वर्षों के संघर्ष के उपरान्त 1947 को हमें आजादी प्राप्त हुई। उसके पश्चात आज के दिन ही हमारा संविधान अस्तित्व में आया और हमने सर्वदलीय लोकतांत्रिक शासन प्रणाली को अपनाया। भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र का सजग प्रहरी है, जिसके उज्जवल प्रकाश में देश लोकतंत्र के पथ पर तेजी से कदम बढ़ाते हुए एक मजबूत राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि आज हमारा देश अमृत काल का महोत्सव भी मना रहा है। इस परिवर्तन के काल खण्ड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश आत्म विश्वास के साथ सुदृढ़, स्वस्थ, शिक्षित एवं समग्रता के साथ सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने शसस्त्र बल, पुलिस अर्ध सैनिक बल को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि इन प्रहरियों के कारण ही हम देशवासी सुरक्षित हैं। हम सब मिलकर ऐसे भारत का संकल्प लें, जहां चारों ओर खुशहाली, समृद्धि, भाईचारा, समता एवं प्रगति हो और समाज के कमजोर से कमजोर वर्ग तक उन्नति एवं विकास की धारा पहुंच सके।


