spot_img

Dehradun : चैनल्स को लाइक और सब्स्क्राइब के नाम 13 लाख का धोखाधड़ी, गिरोह के 02 गिरफ्तार

देहरादून : क्रिप्टो करेन्सी में ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश और यूट्यूब चैनल्स को लाइक और सब्स्क्राइब करने के टास्क से लाभ कमाने का लालच देकर 13 लाख से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप में गिरोह के 02 सदस्यों को जयपुर, राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में विक्रम कुमार पडाला मूकबाधिर की शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात अभियुक्तों की ओर से स्वयं को फ्लिपकार्ट का गिफ्ट गिविंग मैनेजर बताकर यू ट्यूब चैनल्स को लाइक और सब्स्क्राइब करने का टास्क देकर लाभ कमाने की बात कही गई।

इसके पश्चात क्रिप्टो करेन्सी में ऑनलाइन ट्रेडिंग कर लाभ कमाने की बात कहते हुए टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद अज्ञात व्यक्तियों ने भिन्न-भिन्न वेबसाइट के लिंक भेज कर और क्रिप्टो करेन्सी में निवेश के नाम पर अलग-अलग तिथियों में भिन्न-भिन्न लेन देन के माध्यम से ऑनलाइन कुल 13,11,900 रुपये धोखाधड़ी की।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच पड़ताल की गई तो धोखाधड़ी होने की पुष्टि हुई है। शिकायतकर्ता की धनराशि दिल्ली, जयपुर राजस्थान में स्थानान्तरित के आधार पर टीम को राजस्थान भेजा गया। धनराशि को जिन खातों में आहरित किया गया था उन खातों की जानकारी और साक्ष्य एकत्रित करते हुए अभियोग में संलिप्त 02 सदस्यों को जयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर धारा 41 सीआरपीसी के तहत कानूनी कार्यवाही की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त-

संतोष कुमार मीणा पुत्र प्रभु नारायण मीणा निवासी बाढ़ धामसया तहसील बस्सी जिला जयपुर राजस्थान,सुरेश कुमार मीणा पुत्र स्व.हरसहाय मीणा निवासी ग्राम बगरिया तहसील चाकसू जिला जयपुर, राजस्थान शामिल हैं।

आयुष अग्रवाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखण्ड ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लोक लुभावने अवसरों/फर्जी साइट/धनराशि दोगुना करने व ऑनलाइन बिजली के बिल का भुगतान करने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें। कोई भी शक होने पर तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को सम्पर्क करें। वित्तीय साइबर अपराध घटित होने पर तुरन्त 1930 नम्बर पर सम्पर्क करें।

Explore our articles