
देहरादून : (Dehradun) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ (Godan) को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म भारतीय संस्कृति व पारंपरिक मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गाय केवल धर्म और आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्में समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता को बढ़ावा देती हैं, इसलिए इन्हें प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है।
धामी ने बताया कि राज्य सरकार (state government) गोवंश संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में गोसदनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे निराश्रित और बेसहारा गोवंश की समुचित देखभाल सुनिश्चित हो सके। साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाया जा रहा है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी प्रोत्साहित करती रहेगी।


