spot_img

Cuttack: वरिष्ठ उड़िया फिल्म अभिनेत्री झरना दास का निधन

Cuttack

इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
कटक:(Cuttack)
उड़िया फिल्मों (oriya films) की मशहूर अभिनेत्री झरना दास (Jharna Das) का यहां उनके आवास पर निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वह 77 वर्ष की थीं।

उड़िया फिल्म उद्योग में अपने आजीवन योगदान के लिए राज्य सरकार के प्रतिष्ठित ‘जयदेव पुरस्कार’ से सम्मानित दास वृद्धावस्था से संबंधित बीमारियों से पीड़ित थीं। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

1945 में जन्मी, दास ने 60 के दशक में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और ‘श्री जगन्नाथ’, ‘नारी’, ‘आदिनामेघ’, ‘हिसाबनिकस’, ‘पूजाफुला’, ‘अमादबता’ ‘अभिनेत्री’, ‘मलजान्हा’ और ‘हीरा नैला’ जैसी ऐतिहासिक फिल्मों में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए कई पुरस्कार जीते। ।

दास ने ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी), कटक के साथ एक बाल कलाकार और उद्घोषक के रूप में तथा बाद में कटक में दूरदर्शन के सहायक स्टेशन निदेशक के रूप में भी काम किया था। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री हरेकृष्ण महताब के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र में उनके निर्देशन की बहुत लोगों ने सराहना की थी।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अभिनेत्री के निधन पर दुख व्यक्त किया और घोषणा की कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

पटनायक ने एक बयान में कहा, ‘‘मंच और फिल्मों में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

Explore our articles