
कोलंबो : (Colombo) श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका (Sri Lankan captain Dasun Shanaka) ने बुधवार को विश्व कप से बाहर होने के बाद देशवासियों से माफी मांगी और कहा कि वे उन्हें खुशी देने में असफल रहे। टीम न्यूजीलैंड से 61 रन से हार गई थी। यह उसकी लगातार दूसरी पराजय है। अब पाकिस्तान के खिलाफ उसका आखिरी मैच औपचारिक रह गया है। शनाका ने मैच के कहा, हमें इसका बहुत अफसोस है। इंग्लैंड के खिलाफ मैच भी ऐसा ही था जिसे हम जीत सकते थे। अगर हम थोड़ा और समझदारी से खेलते तो वह मैच भी जीत सकते थे। यह मैच एकतरफा था। प्रशंसकों के लिए मेरे पास कहने को कुछ नहीं है। हमने उन्हें ऐसी कोई जीत नहीं दी जिस पर वे खुश हो सकें। हमारा एक मैच बाकी है और मुझे उम्मीद है कि कप्तान के तौर पर मैं कम से कम टूर्नामेंट का अच्छा समापन करूंगा।
‘सरकार करे हस्तक्षेप’
उन्होंने कहा कि उनकी टीम के बाहर होने के लिए केवल फिटनेस और फॉर्म ही एकमात्र कारण नहीं थे, बल्कि इसके लिए ‘बाहर का नकारात्मक माहौल’ (negative atmosphere outside) भी जिम्मेदार रहा। इसके अलावा उन्होंने सरकार से खिलाड़ियों को आलोचना से बचाने के लिए हस्तक्षेप करने की अजीबोगरीब मांग की। शनाका ने कहा, खिलाड़ी होने के कारण हमारे लिए बाहर हो रही बातों को नियंत्रित करना मुश्किल होता है। हम अधिकतर समय नकारात्मक बातें ही सुनते हैं। चाहे हम खिलाड़ी कितने भी सकारात्मक क्यों न हों, बाहर से नकारात्मक माहौल बन ही जाता है। यह श्रीलंका में क्रिकेट के लिए बड़ा नुकसान है। इस तरह की नकारात्मकता क्यों फैलाई जा रही है। ठीक है हम विश्व कप हार गए। हमें कारण पता हैं। हम सभी चिंतित हैं। मुझे लगता है कि हम खेलेंगे और आगे बढ़ेंगे। लेकिन कम से कम भविष्य के खिलाड़ियों के लिए अगर सरकार हस्तक्षेप करके इन्हें (नकारात्मक बातों को) रोक सकती है तो मुझे लगता है कि यह खिलाड़ियों के बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत मददगार साबित होगा।


