spot_img

Coimbatore: असुरक्षित है लोकतंत्र का चौथा पिलर : विनय कुमार दुबे

कोयंबटूर:(Coimbatore) महाराष्ट्र से केंद्रीय गृहमंत्रालय राजभाषा विभाग के सदस्य एडवोकेट विनय कुमार दुबे ने कहा कि
पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा पिलर है, पर बाकी तीन पिलरों की तरह यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं। बाकी तीनों पिलरों के लोगों को दुनियाभर की सुविधाएं हैं, पर इन तीनों पर नज़र रखने की जिम्मेदारी जिस पर है वह पत्रकार ख़ुद को आर्थिक व सामाजिक रूप से आजीवन असुरक्षित पाता है। दुबे भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की तमिलनाडु इकाई द्वारा कोयंबटूर में राष्ट्रीय कार्यकारी कमिटी की तीन दिवसीय बैठक व सम्मेलन में बोल रहे थे।

सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह ने की। आयोजन का प्रमुख विषय संगठन को दक्षिण भारत में प्रबलता से बढ़ाना तथा पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण करना और सरकार तक उनकी आवाज़ को पहुंचाना था। पिछले कई वर्षों से संगठन पत्रकारों की सुरक्षा, कल्याण और विकास को लेकर सरकार से विभिन्न मांग रख चुका है। इनमें उनकी सुरक्षा, इंश्योरेंस और आवास की मांग प्रमुख है।

ग़ौरतलब है कि पत्रकारिता और पत्रकारों पर बड़ी जिम्मेदारी है, पर उनके हक की मांग पर राज्य और केंद्र सरकार विचार ही कर रही है। आए दिनों पत्रकार और मीडिया कर्मियों पर हमले, दबाव के चलते नौकरियों के जाने, यहां तक कि हत्या तक की कुछ घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार अपने काम में लगे मीडियाकर्मियों को सरकार द्वारा मदद मिल पाने में काफ़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व हिमांशु राय ने किया। विनय दुबे ने पत्रकारों की बढ़ती समस्याओं और उनके कल्याण के लिए सभी को मिलकर सरकार से गुहार लगाने का सुझाव दिया और साथ ही दक्षिण भारत में संगठन की एकता और कार्यशैली को मज़बूत और सुचारू रूप से कार्यान्वित करने का अनुमोदन किया। संजय सिंह ने सभी को परस्पर सहयोग और पत्रकारों की आवाज़ को सदन तक उठाने का साहस दिया और बताया कि सरकार से जल्द इस विषय पर चर्चा की जाएगी। सिंह ने कहा कि पत्रकारो को जल्द से जल्द अधिक सुविधा प्राप्त हो इसके लिए अनवरत प्रयास किया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार व उतर प्रदेश लखनऊ के जाने माने हिमांशु राय ने प्रदेश में संगठन को मज़बूत करने और पत्रकारों की समस्याओं को जल्द से जल्द सुलझाने का अपने प्रयासों का ज़िक्र किया। संगठन सचिव जितेंद्र पांडेय, संयोजक संजय मल्होत्रा, भानु प्रताप सिंह, झारखंड कार्यकारिणी सदस्य संतोष पाठक तथा तमिलनाडु अध्यक्ष सगईराज सभी ने चेन्नई, कोयंबटूर व अन्य ज़िलों से आए सभी साथी पत्रकारों की समस्याओं को सुना और जल्द से जल्द सुलझाने का वायदा किया।

Explore our articles