चित्तौड़गढ़:(Chittorgarh) जिले के कपासन थाना इलाके (Kapasan police station area of the district) में शुक्रवार रात को हादसा हुआ है। हाईटेंशन लाइट का तार नीचे गिर गया। इस दौरान बिंदौली से लौट रहे ऑटो में करंट फैल गया और आग लग गई। हादसे में दो व्यक्ति और दो घोड़ी जिंदा जल गए। सूचना मिलने पर कपासन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
कपासन थानाधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि रामथली निवासी शांतिलाल गाडरी विवाह समारोह में निकलने वाली बिंदौली में घोड़ी लेकर जाता है। शुक्रवार रात को भी शांतिलाल अपने छोटे भाई कैलाश (25) को साथ लेकर गांव पांछली में बिंदौली कार्यक्रम में दो घोड़ी लोडिंग ऑटो में लेकर गए थे।
ऑटो हथियाना निवासी किशन खटीक का था और इसे किशन ही चला रहा था। इनके साथ में हथियाना निवासी शिवलाल पुत्र बंशीलाल तेली भी था, जो कि चालक किशन के साथ गया था। पांछली गांव में बिंदौली निकालने के बाद सभी देर रात करीब 3 बजे ऑटो से पुनः रामथली लौट रहे थे।
रास्ते में रामथली के पास 11 केवी लाइन का तार फॉल्ट होने के कारण टूट कर नीचे गिरा हुआ था। अंधेरा होने की वजह से तार दिखाई नहीं दिया और टेम्पो उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका लगते ही चालक किशन ने ऑटो को रोका। तब तक वाहन में करंट फैल चुका था। बाद में इसमें आग लग गई।
आग की चपेट में आकर रामथली निवासी शांतिलाल (28) पुत्र लेहरु गाडरी और टेम्पो चालक हथियाना निवासी किशन लाल (44) पुत्र शंकरलाल खटीक की मौत हो गई। वहीं, ऑटो में सवार दो घोड़ी भी जिंदा जल गईं। वाहन में करंट फैलते ही शांतिलाल, कैलाश और शिवलाल जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे। लेकिन चालक बाहर नहीं निकल पाया। किशन को फंसा हुआ देख कर घोड़ी मालिक शांतिलाल उसे बचाने के लिए दौड़ा।
इस दौरान शांतिलाल भी करंट की चपेट में आया गया। इसी दौरान ऑटो में आग लग गई और दो अन्य साथियों के सामने किशन व शांतिलाल और दो घोड़ी जिंदा जल गई। वहीं, चिल्लाने की आवाज सुन कर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कपासन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों के शव कपासन मोर्चरी में रखवाए। फिलहाल ग्रामीणों और रिश्तेदारों का हंगामा मौके पर जारी है।


