spot_img

Chandigarh : लुधियाना एटीएम कैश वैन लूट की मास्टर माइंड निकली महिला

गिरफ्तार किये गए छह लुटेरों से पांच करोड़ बरामद

चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने लुधियाना एटीएम कैश वैन कंपनी में हुई साढ़े आठ करोड़ रुपये की लूट का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने छह लुटेरों को गिरफ्तार करके उनके पास से पांच करोड़ रुपये बरामद किये हैं। इस घटना की मास्टरमांइड एक महिला है, जिसकी तलाश अभी जारी है।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त मंदीप सिद्धू ने बुधवार को बताया कि पिछले दिनों एटीएम कैश वैन कंपनी सीएमएस में 8.49 करोड़ रुपये की लूट हुई थी, जिसमें कुल दस लोग शामिल थे। इनमें एक महिला मंदीप कौर भी शामिल थी। महिला ने कंपनी के कर्मचारी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। इस लूट में मनदीप कौर के साथ उसका पति और भाई भी शामिल था।

सिद्धू ने बताया कि इस वारदात के दो मास्टरमाइंड हैं। पहली मनदीप कौर और दूसरा मनजिंदर मनी है। मनी चार साल से इसी कंपनी का कर्मचारी है। उसने 8 और बदमाशों को अमीर बनाने का सपना दिखाकर साथ मिलाया और वारदात को अंजाम दिया। लूट की वारदात के लिए 2 मॉड्यूल बनाए गए थे। एक मॉड्यूल में मनजिंदर मनी और दो बाइक पर कुल 5 लोग थे। दूसरे मॉड्यूल में कार में मनदीप कौर और उसके साथ चार लुटेरे शामिल थे।

मनी यहां के बारे में पूरी तरह से वाकिफ था। उसे पता था कि यहां कैश किस हालत में रखा जाता है। कंपनी में सिक्योरिटी के लिहाज से कौन-कौन से लूज प्वाइंट हैं। उसने मनदीप कौर के साथ मिलकर इसकी साजिश रची। जनवरी महीने से इसकी प्लानिंग चल रही थी।

मनजिंदर को पता था कि शनिवार और रविवार को एटीएम में कैश नहीं डाला जाता, इसलिए कंपनी में शुक्रवार को कैश ज्यादा होता है। इसी वजह से शुक्रवार का दिन लूट के लिए चुना गया। मास्टरमाइंड मनदीप कौर के भाई ने इंस्टाग्राम पर नोटों की रील डाली थी, जिसमें 500-500 रुपये के नए नोटों की गड्डियां कार के डैशबोर्ड पर रखी हैं। इससे भी पुलिस को उनके वारदात किए जाने पर शक हुआ। पुलिस का कहना है कि जब सारे लुटेरे पकड़े जाएंगे तो लूटी गई पूरी रकम क्लियर हो जाएगी।

Explore our articles