Two thousand women from Haryana will visit Lok Sabha
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने लगाई ड्यूटी, हर जिले से पहुंचेंगी 100-100 महिलाएं
सांसदों के आवास पर होगा नाश्ता, इसके बाद पहुंचेंगी संसद की कार्यवाही देखने
चंडीगढ़ : केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लोकसभा में पेश किए गए ‘नारी शक्ति वंदन’ विधेयक को बृहस्पतिवार को पास किया जाएगा। जिस समय यह विधेयक पास हो रहा होगा, उस दौरान हरियाणा की दो हजार से अधिक महिलाएं इसका साक्षी होंगी।
हरियाणा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ इस संदर्भ में सभी जिलाध्यक्षों को हिदायतें दे चुके हैं। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों को भी इस संदर्भ में निर्देश दिए गए हैं। भाजपा की हर जिले से 100-100 महिलाओं को संसद लेकर जाने की योजना है। इतना ही नहीं, दोनों केंद्रीय मंत्रियों – राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर के अलावा कई सांसदों की भी ड्यूटी लगाई है। हरियाणा से नई दिल्ली में ये महिलाएं सीधे संबंधित मंत्रियों व सांसदों के सरकारी आवास पर पहुंचेंगी। वहां महिलाओं के लिए नाश्ते का प्रबंध मंत्रियों व सांसदों द्वारा किया गया है। इसके बाद ये महिलाएं नये संसद भवन पहुंचेंगी और वहां सदन की कार्यवाही देखेंगी।
वर्तमान में राज्य में लोकसभा की दस सीटों में से सुनीता दुग्गल (सिरसा) अकेली महिला सांसद हैं। दिल्ली के इस आयोजन में भाजपा की महिला विधायकों – कमलेश ढांडा, सीमा त्रिखा, निर्मल रानी के अलावा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी, बोर्ड-निगमों में नियुक्त चेयरपर्सन के अलावा शहरों व गांवों की महिला जनप्रतिनिधियों को भी दिल्ली आमंत्रित किया गया है। हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बुधवार को चंडीगढ़ में बताया कि हरियाणा से दो हजार महिलाएं बृहस्पतिवार को दिल्ली जाएंगी। नारी शक्ति केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पेश किए गए महिला आरक्षण विधेयक के पास होने की साक्षी बनेंगी। सभी जिलों से 100-100 महिलाएं बुलाई हैं। इनमें जनप्रतिनिधि के अलावा छात्राएं, सामाजिक वर्कर और विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी शामिल होंगी। ये सभी महिलाएं इस ऐतिहासिक घटना को अपने आंखों से देखेंगी।


