हर माह लाभार्थियों के साथ मुख्यालय के अधिकारी करेंगे 500 कॉल्स
चंडीगढ़ : हरियाणा महिला एवं बाल विकास विभाग ने हरियाणा राज्य क्रेच पॉलिसी-2022 अधिसूचित करने के बाद कुपोषण से प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद के लिए ‘टेली कॉलिंग हब’ लाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने मंगलवार को इस संबंध में बताया कि योजना के तहत मुख्यालय स्तर के अधिकारी हर माह लाभार्थियों के साथ लगभग 500 कॉल्स करेंगे। यह हब लाभार्थियों से वास्तविक समय में फीडबैक लेने के एक टूल के रूप में सेवा देगा।
वर्तमान प्रणाली में खामियों की पहचान करेगा और आंगनवाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। यह लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं के प्रावधानों के बारे लोगों को जागरूक भी करेगा और निकट से मॉनिटरिंग करने के अवसर प्रदान करेगा तथा कुपोषित बच्चों व उनके परिवारों को वांछित लाभ भी देगा।
उन्होंने बताया कि ‘टेली कॉलिंग हब’ समेकित बाल विकास प्रणाली की इंफ्रास्ट्रक्चर के निकट सहयोग से कार्य करेगा और फ्रंट लाइन वर्करों के साथ बातचीत को तर्कसंगत बनाएगा और इससे उचित कार्रवाई की सुविधा उपलब्ध होगी। परिवारों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं को नयापन दिया जाएगा और सेवा प्रदान करने के तंत्र में सकारात्मक बदलाव अभियान चलाया जाएगा।


