मुख्यमंत्री मान का ऐलान धान के सीजन में मिलेगी नियमित बिजली
चंडीगढ़: (Chandigarh) पंजाब के सात जिलों में शुक्रवार से धान की बुवाई का काम शुरू हो गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार सूबे भर में धान की सुचारू ढंग के साथ बिजाई को यकीनी बनाने के लिए किसानों को बिना किसी परेशानी के बिजली मुहैया करवाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
शुक्रवार को बुवाई (बिजाई) शुरू होने के मौके पर प्रदेश के किसानों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि सरकार ने पिछले साल की तरह सूबे भर में धान की बुवाई चरणबद्ध तरीके से शुरू करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने बताया कि राज्य के कुछ हिस्सों में धान की बुवाई 10 जून से शुरू हो चुकी है, जबकि बाकी हिस्से अगले चरणों के तहत 16, 19 और 21 जून को कवर किये जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 16 जून से दूसरे चरण के अधीन फिरोजपुर, फरीदकोट, पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, एस.बी.एस.नगर और तरनतारन के लिए निर्विघ्न बिजली सप्लाई यकीनी बनाई जाएगी। भगवंत मान ने बताया कि तीसरे पड़ाव में रूपनगर, एस.ए.एस.नगर, कपूरथला, लुधियाना, फाजिल्का, बठिंडा और अमृतसर में 19 जून से धान की फसल लगना शुरू हो जायेगी, जबकि बाकी नौ जिलों पटियाला, जालंधर, मोगा,मुक्तसर साहिब, होश्यिारपुर, संगरूर, मलेरकोटला, बरनाला और मानसा में धान की बुवाई 21 जून से शुरू होगी।


