नारनौल में रात और सिरसा में दिन रहा सबसे गरम
दिन के तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस तापमान में आई गिरावट
चंडीगढ़ : प्रदेश में लू थपेड़े और झुलसा देने वाली गरमी से राहत नहीं मिल रही है। आगामी पांच दिनों में सूर्य के तल्ख तेवर ढीले होने की उम्मीद नहीं है। दिन और रात्रि दोनों में तपत बरकरार है। बुधवार की रात्रि नारनौल की सबसे गरमी रही तो गुरुवार को सिरसा में तपन का असर कम नहीं हुआ। प्रदेश आगामी पांच दिन हीट-वेव और लू की चपेट में रहेगा। मौसम विभाग की ओर से दक्षिणी हरियाणा में रेड अलर्ट जारी किया गया है तो उत्तरी हरियाणा में येलो और ओरेंज अलर्ट की चेतावनी है।
लगातार बढ़ रही गरमी के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। यही नहीं गरमी की तपन का असर रात्रि में भी देखने को मिल रहा है। हरियाणा की रात्रि और दिन दोनों तप रहे हैं। गुरुवार सुबह तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट जरूर दर्ज की गई।
बुधवार रात्रि नारनौल जिले में न्यूनतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके साथ ही रोहतक, सिरसा, गुरुग्राम, झज्जर, हिसार, चरखी-दादरी और मेवात में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
गुरुवार को सिरसा सबसे गरम रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, मेवात, फरीदाबाद, पलवल, झज्जर, रोहतक, सोनीपत में गंभीर हीट वेव व उष्ण रात्रि का रेड अलर्ट जबकि पंचकूला अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
दिन और रात्रि के तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया पिछले एक सप्ताह से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में लगातार मौसम असामान्य और प्रतिकूल बना हुआ है। सम्पूर्ण इलाके भीषण गर्मी और हीट वेव अपने प्रचंड तेवरों को अख्तियार किए हुए, जिससे दिन और रात्रि के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। लगातार पश्चिमी मरूस्थलीय उष्ण और तीक्ष्ण गर्म हवाएं चलने से और बीच-बीच में हल्की दक्षिणी पूर्वी नमीं वाली हवाएं चलने से हीट क्लाउड भी देखने को मिल रहे हैं। जिसकी वजह से उमस भरी पसीने वाली गरमी से आमजन की दुश्वारियां बढ़ रही हैं। गंभीर हीट वेव उष्ण रात्रि का दौर और अधिक प्रचंड होने की संभावना बन रही है दिन और रात के तापमान में और अधिक बढ़ोतरी की संभावना बन रही है।
अधिकतम तापमान वाले जिलों का ब्योरा
जिला तापमान
सिरसा 45.4 डिग्री सेल्सियस
भिवानी 44.3 डिग्री सेल्सियस
हिसार 44.9 डिग्री सेल्सियस
महेंद्रगढ़ 43.2 डिग्री सेल्सियस
जींद 42.5 डिग्री सेल्सियस
रोहतक 42.5 डिग्री सेल्सियस
गुरुग्राम 40.6 डिग्री सेल्सियस