मौलिक शिक्षा निदेशालय ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की रिपोर्ट तैयार करने के दिए निर्देश
चंडीगढ़ : महेंद्रगढ़ के कनीना में हुए स्कूल बस हादसे के बाद शिक्षा विभाग ने प्राइवेट स्कूलों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। परिवहन और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से बसों की फिटनेस जांच रहा है। ऐसे में अब मौलिक शिक्षा निदेशक ने भी गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की रिपोर्ट तलब की है।
मौलिक शिक्षा निदेशालय की ओर से बुधवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को लिखे पत्र में एमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध राज्य में चल रहे मान्यता प्राप्त और गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं। यही नहीं गैर मान्यता प्राप्त स्कूल का एमआईएस पोर्टल बंद करते हुए उन विद्यालयों को बंद करने कार्रवाई की जाए।
बतादें कि प्रदेशभर में 4500 निजी स्कूलों पर बंद होने की तलवार लटकी हुई है। हालांकि प्राइवेट स्कूल प्राइवेट संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को ज्ञापन सौंपकर प्राइवेट स्कूल बंद न करने और स्थानीय मान्यता प्राप्त स्कूल को 10 साल बाद मान्यता रिव्यू मामले को निरस्त करने व स्कूली सोसायटियों पर लगाए जुर्माने को माफ करने की मांग की थी।
अस्थायी मान्यता प्राप्त 327 स्कूलों को भी तभी नए सत्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जब वे शर्तों को पूरा करेंगे। शर्तें पूरी किए बगैर यदि कोई स्कूल संचालित हुआ तो हरियाणा स्कूल एजुकेशन रूल 2003 के अनुसार इसे अपराध माना जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब विभाग की ओर से एमआईएस पोर्टल को बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर छापेमारी के लिए क्लस्टर आधार पर टीमें बनाई गई हैं। टीम के सदस्य अपने क्लस्टर में स्कूलों की जांच करेंगे और अवैध रूप से संचालित स्कूलों को बंद कराएंगे। बड़ी संख्या में स्कूल ऐसे हैं, जिनके पास छोटी कक्षा की मान्यता है, लेकिन वे बड़ी कक्षाओं के दाखिले कर रहे है। इन स्कूलों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। अभी तक 282 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को चिन्हित किया जा चुका है।


